Rasika Dugal News: अभिनेत्री रसिका दुगल ने भारतीय मनोरंजन जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने हमेशा ऐसे महिला किरदार चुने हैं जो पारंपरिक “हीरोइन” की छवि में फिट नहीं बैठते।

मिर्जापुर की चालाक लेकिन संवेदनशील बीना त्रिपाठी से लेकर दिल्ली क्राइम की शांत, संवेदनशील और संयमित नीति सिंह तक, रसिका के निभाए किरदार अपनी जटिलता और वास्तविकता की वजह से दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुके हैं। समीक्षकों ने भी उनके अभिनय की गहराई और हर किरदार में दिखाई गई विविधता की खूब सराहना की है।
आज जब दर्शक बनावटी और आदर्शवादी किरदारों की बजाय सच्चे और वास्तविक किरदारों को पसंद कर रहे हैं, रसिका का मानना है कि नैतिक रूप से जटिल (मॉरली एम्बिग्युअस) किरदार कहीं ज्यादा दिलचस्प होते हैं। उनके अनुसार, ऐसी महिलाएं जो अपनी कमज़ोरियाँ, विरोधाभासों और मुश्किल फैसलों के साथ दिखाई जाती हैं, वही असल जिंदगी के ज़्यादा करीब होती हैं।
चाहे मिर्जापुर की बीना त्रिपाठी हों, जो एक कमज़ोर महिला से कहानी की सबसे चतुर रणनीतिकार बनकर उभरती हैं, दिल्ली क्राइम की नीति सिंह, जिनकी संवेदनशीलता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, या फिर मंटो की सफिया, हामिद की सविता, आउट ऑफ लव की डॉली और लॉर्ड कर्जन की हवेली की मल्लिका – रसिका ने हमेशा ऐसे किरदार चुने हैं जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करते हैं, न कि सिर्फ उनकी तुरंत पसंद बनने की कोशिश करते हैं। खासकर नीति सिंह के उनके अभिनय को उसकी भावनात्मक गहराई और शांत लेकिन मज़बूत व्यक्तित्व के लिए खूब सराहा गया।
इस बदलते दौर पर बात करते हुए रसिका दुगल ने कहा, “मैंने कभी जानबूझकर ऐसे किरदार नहीं चुने जो नैतिक रूप से उलझे हुए हों। मैं हमेशा ऐसे किरदारों की तलाश करती हूं जो असली इंसानों की तरह हों। इंसान विरोधाभासों से भरा होता है, हमेशा एक जैसा नहीं रहता और समय के साथ बदलता रहता है। एक अभिनेता के तौर पर मुझे यही सबसे ज़्यादा आकर्षित करता है। अगर मैं यह समझ पाऊं कि कोई किरदार किसी खास परिस्थिति में ऐसा फैसला क्यों लेता है, भले ही मैं व्यक्तिगत रूप से उससे सहमत न हूं, तो मुझे लगता है कि उस किरदार में खोजने लायक बहुत कुछ है।”
उन्होंने आगे कहा, “लंबे समय तक महिला किरदारों से उम्मीद की जाती थी कि वे त्याग, आदर्श और परफेक्शन की मिसाल बनें। लेकिन आज लेखक महिलाओं को महत्वाकांक्षी, स्वार्थी, कमजोर, चालाक, दयालु और बहादुर कभी-कभी ये सभी गुण एक साथ रखने की आजादी दे रहे हैं। मुझे लगता है कि यही जिंदगी की सबसे ईमानदार तस्वीर है। किसी किरदार के हर फैसले से सहमत होना जरूरी नहीं है, लेकिन उसके सफर को समझना और महसूस करना बहुत जरूरी है।”
बीना त्रिपाठी के बारे में बात करते हुए रसिका ने कहा, “लोग अक्सर मुझसे पूछते हैं कि बीना हीरो है या विलेन। मेरे लिए वह सिर्फ एक ऐसी महिला है जो एक हिंसक और पुरुष प्रधान समाज में अपने पास मौजूद साधनों से जीने और अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है। उसके फैसले कई बार असहज और चौंकाने वाले लग सकते हैं, लेकिन वे उसकी परिस्थितियों से पैदा होते हैं। यही बात उसे मेरे लिए इतना दिलचस्प किरदार बनाती है।”
उन्होंने आगे कहा, “वहीं नीति सिंह बिल्कुल अलग दुनिया की महिला है। वह शांत, संवेदनशील और बेहद मज़बूत है। वह शोर नहीं मचाती, लेकिन उसके अंदर अपार ताकत है। मुझे सबसे अच्छी बात यह लगती है कि इन दोनों महिलाओं को किसी एक शब्द में नहीं बांधा जा सकता। अक्सर अभिनेताओं से कहा जाता है कि किरदार ‘लाइकेबल’ होना चाहिए, लेकिन मुझे लगता है कि किसी किरदार का दिलचस्प होना, उसके पसंद किए जाने से कहीं ज्यादा जरूरी है। असल जिंदगी में भी लोग परफेक्ट नहीं होते। वे हमें कभी प्रेरित करते हैं, कभी निराश करते हैं, कभी हैरान करते हैं और कभी परेशान भी करते हैं। आज के दर्शक बहुत समझदार हैं। उन्हें अब आदर्श महिलाओं की नहीं, बल्कि असली महिलाओं की कहानियां देखनी हैं जो गलतियां करती हैं, पछताती हैं, मुश्किल हालात से लड़ती हैं और अपनी कमियों के बावजूद आगे बढ़ती रहती हैं।”
रसिका ने अंत में कहा, “अगर मुझे जिन कहानियों का हिस्सा बनने का मौका मिला है, वे पर्दे पर महिलाओं को देखने का नजरिया थोड़ा भी बदल पाई हैं, तो मैं खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानती हूं। मैं चाहती हूं कि आगे भी ऐसी कहानियां बनती रहें, जहां महिलाओं से परफेक्ट होने की उम्मीद न की जाए, बल्कि उन्हें सिर्फ एक इंसान होने की आजादी मिले।”
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में बीना त्रिपाठी के रूप में बड़े पर्दे पर वापसी के साथ, रसिका दुगल एक बार फिर साबित करने जा रही हैं कि वे भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक हैं जो हमेशा परंपराओं से हटकर, जटिल और इंसानी किरदारों को चुनना पसंद करती हैं।



