imd officially declared monsoon start in delhi and all parts of india

imd officially declared monsoon start in delhi and all parts of india


IMD Declared Monsoon in India: बीते कई दिनों से मानसून का इंतजार दिल्ली एनसीआर के लोग कर रहे थे. अब वह इंतज़ार खत्म हो गया है, क्योंकि मौसम विभाग की तरफ से आधिकारिक तौर पर मानसून की दस्तक को लेकर जानकारी सामने आ गई है. मौसम विभाग के साइंटिस्ट डॉक्टर नरेश कुमार ने बताया 29 जून को दिल्ली एनसीआर समेत मानसून ने पूरे देश भर में दस्तक दे दी है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को रविवार (29 जून, 2025) तक कवर कर लिया है, जबकि सामान्य तिथि 8 जुलाई होती है. यह सामान्य से 9 दिन पहले हुआ है . इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई भागों में अगले 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश के भी अनुमान हैं और झारखंड में (29 और 30 जून) एवं ओडिशा (29 जून) में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा (>20 सेमी/24 घंटे) की चेतावनी  भी मौसम विभाग ने जारी की है.

मानसून ने दी दस्तक

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पूरे भारत में मानसून ने दस्तक दे दी है. इस पर भारतीय मौसम विभाग के साइंटिस्ट डॉक्टर नरेश कुमार ने कहा कि इस वक्त पूरा इंडिया ही बादलों से भरा हुआ है. खासतौर से नॉर्थवेस्ट इलाका. इसका कारण यह है कि लो प्रेशर एरिया बना हुआ है, डेन्स क्लाउड है. लो प्रेशर एरिया की वजह से मानसून की कंडीशन फेवरेबल होती है और अब पूरा भारत कवर हो चुका है. मानसून 29 जून को राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पूरी दिल्ली तक पहुंच चुका है, जिससे यह पूरे भारत में फैल चुका है. मानसून ट्रफ फिरोजपुर, सोनीपत, अयोध्या, गया जी, पुरुलिया, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है.

देश के कई राज्यों में रेड अलर्ट

डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि हिमाचल और उत्तराखंड में रेड अलर्ट दिया हुआ है इसका कारण है कि वहां रेनफॉल एक्टिविटी बहुत ज्यादा है, अभी झारखंड में भी रेड अलर्ट है.

दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यो में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां भी अनुमान है कि वेरी हेवी रेनफॉल हो सकती है. 2 से 3 दिन तक यह अलर्ट रहने वाला है. दिल्ली/एनसीआर में 29 जून से 2 जुलाई तक मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अधिकतम तापमान 31-34°C तक, सामान्य से 4-6°C कम.आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रह सकता है और गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा, बिजली, और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) का भी अनुमान है.

29 जून–5 जुलाई तक कैसा रहने वाला है मौसम

पूर्व और मध्य भारत: अत्यधिक भारी वर्षा: झारखंड (29-30 जून), ओडिशा (29 जून). भारी से बहुत भारी वर्षा: मध्य प्रदेश, बिहार, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड. गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा.

उत्तर-पश्चिम भारत: भारी वर्षा: हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश बहुत भारी वर्षा: उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब (29-30 जून), पश्चिम यूपी (29 जून-2 जुलाई)

पश्चिम भारत: कोकण, गोवा, घाट क्षेत्र, गुजरात में लगातार 7 दिन तक भारी वर्षा.

पूर्वोत्तर भारत: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 2–5 जुलाई तक बहुत भारी वर्षा.

दक्षिण भारत: केरल, कर्नाटक में भारी वर्षा और तेज हवाओं का अनुमान है.

यह भी पढे़ंः Puri Rath Yatra Stampede: जगन्नाथ रथयात्रा में भगदड़ पर एक्शन, पुरी के DM-SP का ट्रांसफर; DCP-कमांडेंट सस्पेंड; मुआवजे का ऐलान