bjp blames west bengal cm mamata banerjee and tmc to support accused in kolkata law college case | कोलकाता दुष्कर्म मामले पर BJP का बड़ा आरोप, कहा

bjp blames west bengal cm mamata banerjee and tmc to support accused in kolkata law college case | कोलकाता दुष्कर्म मामले पर BJP का बड़ा आरोप, कहा


Kolkata Law College Case: कोलकाता के लॉ कॉलेज के यौन उत्पीड़न मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और राज्य की मुख्यमंत्री के खिलाफ लगातार हमलावर है. भाजपा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर यह आरोप भी लगाया है कि वह इस मामले में पीड़िता का साथ नहीं दे रही है.

आरोपियों के साथ खड़ी है टीएमसी– प्रदीप भंडारी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इस मामले को लेकर टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है. प्रदीप भंडारी ने रविवार (29 जून) को कहा, “पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पीड़िता के साथ नहीं है, बल्कि वह आरोपियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी दिख रही है.”

उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि वे इस मामले में दुष्कर्म के आरोपियों का समर्थन कर रहे हैं, जो उन्हीं की पार्टी तृणमूल कांग्रेस का नेता है. इसके अलावा, पश्चिम बंगाल प्रशासन पर इस मामले में सबूतों को नष्ट करने का भी आरोप लग रहा है.“

TMC मामले से ध्यान भटकाने के लिए कर रही साजिश- अमित मालवीय

वहीं, भारतीय जनता पार्टी के आईटी विभाग प्रमुख अमित मालवीय ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है. अमित मालवीय ने टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी और महुआ मोइत्रा के झगड़े को कोलकाता के लॉ कॉलेज में यौन उत्पीड़न मामले से लोगों का ध्यान भटकाने का तरीका बताया है.  

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कल्याण बनर्जी अब अपनी ही पार्टी की महिला सहयोगी और सांसद महुआ मोइत्रा पर हमले कर रहे हैं. यहां तक की बनर्जी उन्हें गोल्ड डिगर कहकर अपमानित तक कर रहे हैं.”

टीएमसी के आतंरिक झगड़ों से BJP का कोई लेना-देना नहीं- अमित मालवीय

इसके साथ, उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के आंतरिक झगड़े से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का कोई लेना-देना नहीं है. यह सिर्फ ममता बनर्जी की एक नई और घिनौनी साजिश है, जिससे कि कोलकाता लॉ कॉलेज के सामूहिक दुष्कर्म मामले से लोगों को ध्यान भटकाया जा सके और पीड़िता को न्याय दिलाने की कोशिश और उठ रही आवाज को पटरी को उतारा सके.”

अमित मालवीय ने कहा, “हम इस बात को फिर से दोहराते हैं कि पश्चिम बंगाल में कोई भी महिला सुरक्षित नहीं है, न हीं अपराधियों से और न हीं राज्य की सत्ताधारी पार्टी से, जो उन्हें बचाने का काम करती है.”

यह भी पढ़ेंः देशभर में मानसून की दस्तक, दिल्ली-NCR से लेकर राजस्थान तक झमाझम बारिश, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम