दिल्ली में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़प में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी एवं प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इलाके में CJP के प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को कई बार समझाया गया और हटने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी और लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन किया. पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन कारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, पुलिसकर्मियों पर पत्थर और दूसरी चीजें फेंकीं, सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ की और हिंसा की, इससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर असर पड़ा.
झड़प में 118 पुलिसकर्मी घायल
झड़प में पुलिस के अनुसार 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें स्पेशल सीपी, जॉइंट सीपी, एडिशनल सीपी, डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं. कई महिला पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं. वहीं, करीब 60 प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी जानकारी है. घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान 15 से 20 सरकारी वाहनों और अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया.
70 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
अब तक करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य संबंधित कानूनों के तहत दंगा, सरकारी कर्मचारी पर हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर रही है. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है और हिंसा या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
CJP के प्रदर्शन पर राहुल गांधी बोले, ‘सत्ता हमेशा के लिए नहीं रहती, जवाबदेही जरूर तय की जाएगी’
प्रदर्शन के दौरान हिंसा की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के ‘चलो संसद’ प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि झड़पों में शामिल लोगों की पहचान करने के अलावा, जांचकर्ता इस बात की भी पड़ताल करेंगे कि क्या इस अशांति के पीछे कोई बड़ा षड्यंत्र था. हिंसा के संबंध में 70 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अलग-अलग जगहों से मिली शिकायतों के आधार पर कई एफआईआर दर्ज की जा रही हैं.
सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बीच सोनम वांगचुक का आया बड़ा बयान, बोले – ‘मैं अपना उपवास…’



