Shashi Tharoor stand with Rahul Gandhi over RSS and BJP Want Manusmriti instead of Constitution

Shashi Tharoor stand with Rahul Gandhi over RSS and BJP Want Manusmriti instead of Constitution


Shashi Tharoor on Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बयान दिया था कि बीजेपी-आरएसएस संविधान के बजाय मनुस्मृति चाहते हैं. इस बयान पर जब बीजेपी ने सवाल उठाए तो राहुल गांधी को शशि थरूर का साथ मिला है. थरूर ने कहा कि रायबरेली सांसद ने इसलिए ऐसा कहा क्योंकि संविधान को अपनाने के समय इसकी आलोचना की गई थी. 

शशि थरूर ने कहा, ‘ऐतिहासिक रूप से वह (राहुल गांधी) इस तथ्य का उल्लेख कर रहे हैं कि संविधान को अपनाने के समय यह आलोचना व्यक्त की गई थी. उस समय आरएसएस प्रमुख गोलवलकर ने अन्य लोगों के साथ कहा था कि संविधान की सबसे बड़ी खामियों में से एक यह है कि इसमें मनुस्मृति का कुछ भी नहीं है.’ 

RSS उन दिनों से आगे बढ़ चुका है: शशि थरूर

तिरुवनंतपुरम सांसद ने कहा, ‘हालांकि मुझे लगता है कि आरएसएस खुद उन दिनों से आगे बढ़ चुका है. इसलिए, एक ऐतिहासिक बयान के रूप में यह सटीक है, चाहे यह आज की उनकी भावनाओं का प्रतिबिंब हो. आरएसएस को इसका जवाब देने के लिए सबसे अच्छी स्थिति में होना चाहिए.’

राहुल गांधी ने क्या कहा था? 

कांग्रेस नेता ने आरएसएस के सह-सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबेले के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए X पर पोस्ट किया था, ‘RSS का नकाब फिर से उतर गया. संविधान इन्हें चुभता है क्योंकि वो समानता, धर्मनिरपेक्षता और न्याय की बात करता है. RSS-BJP को संविधान नहीं, मनुस्मृति चाहिए. ये बहुजनों और गरीबों से उनके अधिकार छीनकर उन्हें दोबारा गुलाम बनाना चाहते हैं. संविधान जैसा ताकतवर हथियार उनसे छीनना इनका असली एजेंडा है. RSS ये सपना देखना बंद करे – हम उन्हें कभी सफल नहीं होने देंगे. हर देशभक्त भारतीय आखिरी दम तक संविधान की रक्षा करेगा.’