प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के पहले चरण में जकार्ता पहुंच चुके हैं. जकार्ता में पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. आज वह इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. पीएम मोदी के औपचारिक स्वागत में सेरेमोनियल रिसेप्शन का आयोजन किया गया. आज दोनों देशों के बीच कई एमओयू और द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने जकार्ता में मिले विशेष स्वागत का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, ‘कल शाम जकार्ता में हुए खास स्वागत की खास बातें. आज राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो के साथ बातचीत का इंतजार है.’
यह भी पढ़ें : मातम के बीच बारूद की गूंज! ईरान ने हॉर्मुज में मचाई भारी तबाही? दो जहाजों पर मिसाइल से किया अटैक
बच्चों का भव्य स्वागत
इंडोनेशिया दौरे के दूसरे दिन स्कूली बच्चे दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज लेकर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए खड़े रहे. प्रधानमंत्री ने उनके पास जाकर हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया. सेरेमोनियल रिसेप्शन में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उन्हें गले लगाकर स्वागत किया. इसके बाद प्रधानमंत्री ने इंडोनेशिया के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकात की, जबकि राष्ट्रपति सुबियांतो ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल से हाथ मिलाया. प्रधानमंत्री मोदी ने इस्ताना मर्डेका (राष्ट्रपति महल) में गेस्ट बुक पर हस्ताक्षर किए, जहां राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी मौजूद रहे.
रणनीतिक साझेदारी पर फोकस
द्विपक्षीय बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर जोर रहेगा. खास तौर पर रक्षा, समुद्री सहयोग, क्रिटिकल मिनरल्स, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है. बैठक से पहले पीएम मोदी ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के उस विशेष भाव की सराहना की, जिसमें उन्होंने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि राष्ट्रपति प्रबोवो का एयरपोर्ट पर स्वागत करने आना उनके लिए बहुत गर्मजोशी और भावनाओं से भरा था.
राष्ट्रपति के स्वागत की सराहना
पीएम मोदी ने कहा, ‘साल 2018 में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया था, जिसका लाभ दोनों देशों के लोगों को मिला है. इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो और मैं विभिन्न क्षेत्रों में इस साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए विस्तार से चर्चा करेंगे’. प्रधानमंत्री मोदी सोमवार दोपहर अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे. एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका स्वागत किया.
ऐतिहासिक रिश्तों की समीक्षा
दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता में रक्षा और समुद्री सुरक्षा के अलावा क्रिटिकल मिनरल्स, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल इकोनॉमी में सहयोग बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा. साथ ही मई 2018 में स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी. यह प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की चौथी यात्रा है, लेकिन दोनों देशों के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने के बाद उनकी यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है.
यह भी पढ़ें : S Jaishankar In Bahrain: जिस खाड़ी देश पर ईरान ने बरसाईं मिसाइलें, वहां पहुंचा भारत, एस जयशंकर ने पीएम मोदी का दिया मैसेज



