Reva Kaurase Casting Couch Experience: बिग बॉस मराठी 6 से मशहूर हुई अभिनेत्री रेवा कौरासे ने हाल ही में अपने करियर को लेकर एक बेहद ही हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। जिसको याद करते हुए वह काफी इमोशनल हो जाती हैं। उन्होंने बताया कि करियर की शुरुआत में उन्हें एक साउथ फिल्म ऑफर हुई। लेकिन जब उनसे कंप्रोमाइज की डिमांड की गई तो उन्होंने इस फिल्म को छोड़ दिया था।

3 दिन तक चलता रहा ऑडिशन, मिली साइनिंग अमाउंट
रेवा कौरासे ने इसको लेकर बात करते हुए बताया कि उन्हें हैदराबाद में बुलाया गया और वहां पर तीन दिनों तक उनका लुक टेस्ट, कैमरा टेस्ट और वर्कशॉप भी हुई थी। अभिनेत्री ने बताया कि “सब कुछ काफी ज्यादा प्रोफेशनल लग रहा था और मुझे भी भरोसा हो गया था किफिल्म मुझे मिल चुकी है। यहां तक कि मुझे साइनिंग अमाउंट भी मिल गया था। साथ ही ये भी कहा गया था कि शुभ दिन पर एग्रीमेंट साइन करवाएंगे।”
रेवा कौरासे ने खुलासा किया कि कुछ वक्त के बाद में मेकर्स की तरफ से बातचीत पूरी तरीके से बंद हो गई थी। जब उन्होंने खुद उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उन्हें इशारों ही इशारों में बता दिया गया था कि फिल्म के एक प्रोड्यूसर उनसे पर्सनल फीवर चाहते हैं। इस पर हैरानी जाहिर करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि “मैं बहुत हैरान हो गई थी और तब मेरा करियर शुरू ही हुआ था। मुझे यह यकीन ही नहीं हो रहा था कि कोई ऐसी बात भी कर सकता है।”
एक्ट्रेस ने समझौता करने से किया इनकार
रेवा कौरासे ने बताया कि उन्होंने किसी भी तरीके का समझौता करने से पूरी तरीके से इनकार कर दिया था। अभिनेत्री ने कहा कि “अगर यही शर्त थी तो शुरुआत में ही बता दिया होता और मेरा वक्त बर्बाद नहीं होता। मैं इस समय फैसला ले लेती कि मुझे इस फिल्म को नहीं करना है और इसके बाद मैंने उस शख्स से आज तक बात नहीं की।”
मेकर्स ने नहीं करवाई थी वापसी की टिकट
रेवा कौरासे ने यह भी बताया की फिल्म छोड़ने के बाद में हालात इतने ज्यादा खराब हो चुके थे की मेकर्स ने उनका वापसी टिकट भी बुक नहीं करवाया था। अभिनेत्री ने बताया कि “मैंने अपनी जेब से टिकट खरीदी थी और पुणे वापस गई थी। मैं इतनी ज्यादा टूट गई थी कि परिवार को भी यह नहीं बता पाई थी कि मेरे साथ में क्या हुआ है।”
दो महीनों तक सदमे में रही थी एक्ट्रेस
रेवा कौरासे पर इस घटना का बहुत ही गहरा असर पड़ा था। इस पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि “तकरीबन 2 महीने तक मैं किसी काम पर फोकस नहीं कर पा रही थी। मैंने अपने दोस्तों और परिवार को भी पहले ही बता दिया था कि मुझे बड़ा प्रोजेक्ट मिला है। लेकिन अचानक से खाली हाथ लौटना मेरे लिए बहुत ही ज्यादा दर्दनाक रहा।”
रेवा कौरासे ने यह भी बताया कि उन्होंने बाद में अपनी बहन को पूरी बात बता दी थी और धीरे-धीरे वह खुद को संभालने लग गई थी। इस घटना के चलते उन्हें बहुत कुछ सीखने के लिए मिला और अब वह किसी भी प्रोजेक्ट को चुनने से पहले काफी सावधानी बरतती हैं।
इस घटना को लेकर बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि “इसके बाद मैंने काफी सारे अच्छे डायरेक्टर्स और प्रोडक्शन हाउस के साथ में काम किया है। इसी वजह से मैं एक घटना के आधार पर पूरी इंडस्ट्री को गलत नहीं कहूंगी। अगर लोग और प्रोडक्शन हाउस प्रोफेशनल होते हैं तो मैं उनके साथ में काम करने के लिए हमेशा तैयार रहती हूं।”



