‘राहुल गांधी को हसरत थी कि वो PM बनें, लेकिन…’, जितेंद्र सिंह का पलटवार

‘राहुल गांधी को हसरत थी कि वो PM बनें, लेकिन…’, जितेंद्र सिंह का पलटवार


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी के ‘असंसदीय’ शब्दों पर आपत्ति जताई।
  • मंत्री ने राहुल गांधी के गोली चलाने के आरोपों का खंडन किया।
  • जितेंद्र सिंह ने गृह मंत्री पर राहुल के आरोपों को नकारा।
  • मंत्री ने राहुल की पीएम बनने की हसरत पर कटाक्ष किया।

संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार (29 जुलाई, 2026) को केंद्रीय परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सदन में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयानों पर तीखा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि संभावना लगी कि बहुत दिनों से राहुल गांधी को हसरत थी कि देश इन्हें प्रधानमंत्री बनाए, लेकिन हसरत पूरी नहीं हुई.

केंद्रीय मंत्री ने नेता विपक्ष पर किया तीखा हमला

लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल 2026 और छात्र की तरफ से किए विरोध प्रदर्शन को लेकर बहस चल रही थी. इस दौरान केंद्रीय परमाणु राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बयानों पर आपत्ति जताते हुए तीखा हमला किया. उन्होंने कहा, ‘नेता विपक्ष राहुल गांधी के व्यवहार पर हैरानी है. उन्होंने असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल किया.’

उन्होंने कहा, ‘अगर कोई अपने आप को भी इडियट समझे, तो भी सदन में नहीं कह सकता है. नेता प्रतिपक्ष (LoP) राहुल गांधी को बेसिक चीजों की जानकारी नहीं है. जब वे कहते हैं कि मैं किसी व्यक्ति विशेष के बारे में ये शब्द इस्तेमाल नहीं कर रहा, तो शंका होती है कि कहीं वे ये शब्द छात्रों के लिए तो नहीं कर रहे? अगर बच्चों को इडियट कहा जाए, तो इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और कुछ नहीं है.’ 

LoP के गोली चलाने के आरोप पर बोले केंद्रीय मंत्री

वहीं, राहुल गांधी की तरफ से प्रदर्शन के दौरान गोली चलाने के आरोपों को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘कहीं भी कोई गोली चलाने का आदेश मंत्री नहीं देता है. डीएम या मजिस्ट्रेट देता है. उन्हें सार्वजनिक जीवन में अनुभव का अभाव है.’ उन्होंने कहा, ‘बार-बार स्पष्ट किया गया कि गोली चली ही नहीं थी. जब गोली चली ही नहीं, तो आदेश देने का सवाल ही नहीं पैदा होता है.’ 

गृह मंत्री पर आरोप और पीएम आवास के बाहर धरना देने पर भड़के मंत्री

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तरफ से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘नेता विपक्ष ने कहा कि गृह मंत्री के साथ 30 गाडि़यों का काफिला चलता है. इनको गिनती करने में भी दिक्कत है. कभी इतनी गाड़ियां नहीं चलतीं. इन्होंने ये भी कहा कि गृह मंत्री विदेश गए हुए थे. हमारी किसी जानकारी में ऐसा नहीं है कि गृह मंत्री कभी भी विदेश नहीं गए. तथ्यों और सत्य के बिना गैर-जिम्मेदारी से बात कही गई.’

उन्होंने आगे कहा, ‘मैं भी 21 जुलाई की कहानी सुनाता हूं. पता नहीं, ये प्रधानमंत्री आवास के बाहर पता नहीं क्यों बैठ गए. मेरा विभाग शोध के साथ ताल्लुक रखता है. संभावना लगी कि बहुत दिनों से इन्हें हसरत थी कि इन्हें देश प्रधानमंत्री बनाए, लेकिन हसरत पूरी नहीं हुई.’ 

यह भी पढ़ेंः गोली चलाने का आदेश कौन देता है- लोकसभा में जितेंद्र सिंह ने बताया कानून