भारत और बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा हो गई है. असम के मानकाचार सेक्टर में सीमा पर स्थित ‘नो-मैन्स लैंड’ में पिछले कुछ दिनों से 9 बांग्लादेशी नागरिक फंसे हुए हैं, जिन्हें बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (BBG) वापस लेने से लगातार इनकार कर रहा है. इसे लेकर भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड के बीच एक उच्च स्तरीय मीटिंग हुई भी हुई, लेकिन लंबी चर्चा के बाद भी BBG अपनी जिद पर अड़े रहे.
भारत-बांग्लादेश सीमा पर बढ़ा तनाव
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक BSF के सूत्रों ने कहा कि बॉर्डर पर स्थिति सामान्य बनाने को लिए आज एक बार फिर दोनों के सीमा बलों के बीच नए दौर की बैठक आयोजित की जाएगी. यह मामला तब गरमाया जब रविवार (14 जून 2026) को 9 लोगों को बॉर्डर की कंटीली तारों के बीच नो-मैन्स लैंड में संदिग्ध परिस्थितियों में देखा गया. इस घटना की खबर फैलते ही मानकाचार सेक्टर में भारत-बांग्लादेश सीमा पर अचानक भारी तनाव फैल गया. सुरक्षा के लिहाज से भारतीय सीमा पर सतर्कता और गश्त बढ़ा दी गई है.
वापस भारत नहीं जाएंगे: बांग्लादेशी युवक
रिपोर्ट के मुताबिक एक वीडियो में युवक कह रहा है, ‘हम सभी बांग्लादेश के नागरिक हैं और काम की तलाश में भारत आए थे. हमारे पास यह साबित करने के लिए पुख्ता कानूनी दस्तावेज हैं कि हम बांग्लादेशी हैं. भले ही हमें मार दिया जाए और हमारी लाश नदी में फेंक दी जाए, लेकिन हम वापस भारत नहीं जाएंगे.’ सोशल मीडिया पर कुछ और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ‘नो-मैन्स लैंड’ में फंसे ये लोग रोते हुए दिखाई दे रहे हैं. उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि अब उनका आगे क्या होगा और वे कहां जाएंगे.
BSF धुसपैठिए को भारत आने से रोका
भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने हाल ही में भारत की सीमा पार करने की कोशिश कर रहे कई बांग्लादेशी नागरिकों को वापस खदेड़ा है. पिछले सिर्फ एक हफ्ते के भीतर असम पुलिस और BSF ने मिलकर 21 घुसपैठियों को भारत में अवैध रूप से घुसने से रोका है.
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घुसपैठ रोकने के लिए पुलिस और BSF के जवानों की जमकर तारीफ की. उन्होंने रविवार (14 जून 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘सीमाओं की सुरक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है. असम पुलिस और BSF के आपसी तालमेल की वजह से 21 घुसपैठियों की तुरंत पहचान की गई और उन्हें भारत में घुसने से रोक दिया गया.’
ये भी पढ़ें : नई दिल्ली-ढाका के बीच और बढ़ सकता है तनाव, IGI एयरपोर्ट पर बांग्लादेश PM के सलाहकार को रोका



