Rajasthan CM Oath Reactions Live: राजस्थान के मुख्यमंत्री के तौर पर भजनलाल शर्मा आज शपथ लेंगे. उनके अलावा दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे. राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह जयपुर के रामनिवास बाग में होगा. आज सुबह करीब 11:15 बजे शपथ ग्रहण का आयोजन होगा. इस दौरान वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे.
पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा
बीजेपी ने पहले छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और फिर राजस्थान में सीएम के नाम का ऐलान कर सबको चौंका दिया. भजनलाल शर्मा ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और सांगानेर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48,081 वोटों से हराया. भजनलाल शर्मा के अलावा बीजेपी ने दीया कुमारी को उपमुख्यमंत्री के लिए मनोनीत किया है. दीया कुमारी उन सांसदों में शामिल हैं जिन्हें बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा था.
भजनलाल शर्मा ब्राह्मण समाज से ताल्लुक रखते हैं. बाहरी होने के आरोप के बावजूद उन्होंने सांगानेर से बड़े अंतर से जीत दर्ज की. वहीं उपमुख्यमंत्री के लिए मनोनीत दीया कुमारी जयपुर के राजघराने से ताल्लुक रखती हैं. बीजेपी ने राजस्थान के उपमुख्यमंत्री के रूप में प्रेम चंद बैरवा को भी मनोनीत किया है, जो अनुसुचित जाति से आते हैं.
बीजेपी ने की जोरों शोरो की तैयारी
राजस्थान विधानसभा स्पीकर के लिए वासुदेव देवनानी को मनोनीत किया गया है. शपथ ग्रहण समारोह को खास बनाने के लिए बीजेपी जोरों शोरो से तैयारी में जुट गई है. इसे लेकर सभास्थल को बीजेपी के झंडे और केसरिया झालरों की रोशनी से सजाने की तैयारी की जा रही है. इस कार्यक्रम में बीजेपी के लाखों कार्यकार्ता पहुंचेंगे.
शपथ ग्रहण समारोह वाले जगह पर पीएम मोदी की योजनाओं वाले पोस्टर और बैनर लगाये गए हैं. भजनलाल शर्मा को 12 दिसंबर 2023 को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया था.



