पाकिस्तान के लाहौर में हुए LAAM फैशन वीक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शो के फिनाले में धार्मिक नात ‘ये सब तुम्हारा करम है आका’ के दौरान मॉडल्स की रैंप वॉक और डांस का वीडियो सामने आने के बाद लोग नाराजगी जता रहे हैं। पाकिस्तानी एक्ट्रेस मिशी खान ने भी इस पर सवाल उठाए हैं।

मिशी खान ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा कि धार्मिक नात का इस्तेमाल फैशन शो में करना सही नहीं है। उन्होंने अभिनेत्री इफ्फत उमर का भी जिक्र किया, जो इस दौरान डांस करती नजर आईं। मिशी ने कहा कि मनोरंजन और फैशन अपनी जगह हैं, लेकिन धर्म से जुड़ी चीजों का सम्मान करना भी जरूरी है।
मस्जिद में मॉडलिंग पर भी उठाए सवाल
मिशी खान ने मस्जिद में मॉडलिंग किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक जगहों और कुरान की आयतों का इस्तेमाल करते समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। एक्ट्रेस ने लोगों को याद दिलाया कि हर इंसान को अपने कर्मों का जवाब देना है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स धार्मिक कलाम के इस्तेमाल को लेकर अपनी राय रख रहे हैं।



