Kolkata Law College Case West Bengal BJP protest controversial statements of TMC leaders Dr Sukanta Majumdar Released from jail

Kolkata Law College Case West Bengal BJP protest controversial statements of TMC leaders Dr Sukanta Majumdar Released from jail


Kolkata Law College Case: कोलकाता लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना ने बंगाल ही नहीं पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों  मनोजित मिश्रा, प्रोमित मुखर्जी और जैद अहमद को गिरफ्तार कर लिया है. इसके अलावा एक सिक्योरिटी गार्ड को भी हिरासत में लिया गया है. इस मामले की जांच करने के लिए एक एसआईटी गठित कर दी गई है

जेल से रिहा हुए सुकांता मजूमदार

बीजेपी ने इस मामले को महिला सुरक्षा से जोड़कर राष्ट्रीय सवाल बताते हुए ममता सरकार पर हमला बोला. बंगाल बीजेपी चीफ और केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांता मजूमदार ने कोलकाता में विरोध मार्च का नेतृत्व किया. गरियाहाट चौराहे से लॉ कॉलेज तक तीन किलोमीटर लंबा मार्च निकालने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने इसे रोक दिया और मजूमदार समेत 32 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया. इस बीच रविवार सुबह सुकांता मजूमदार को बंगाल पुलिस ने रिहा कर दिया. मजूमदार ने जमानत के लिए हस्ताक्षर करने से इनकार करते हुए कहा, “अगर बंगाल की बेटियों की सुरक्षा के लिए मुझे बार-बार गिरफ्तार होना पड़े, तो मैं तैयार हूं.”  

TMC नेताओं के विवादित बयान, महुआ मोइत्रा ने लताड़ा

घटना के बाद TMC नेताओं मदन मित्रा और कल्याण बनर्जी के बयानों ने पार्टी की छवि को भारी नुकसान पहुंचाया. मदन मित्रा ने कहा कि अगर छात्रा अपने साथ किसी को लेकर जाती तो ये घटना नहीं होती.” वहीं कल्याण बनर्जी ने सवाल उठाया कि अगर दोस्त ही रेप करें तो पुलिस स्कूलों में कैसे तैनात की जाएगी?”

महिला विरोधी बयानों पर TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक्स (Twitter) पर लिखा, “हर पार्टी में महिला-विरोधी सोच रखने वाले लोग होते हैं, लेकिन टीएमसी ऐसे लोगों को बर्दाश्त नहीं करती. पार्टी ने इन बयानों से आधिकारिक रूप से दूरी बना ली है और इन्हें व्यक्तिगत राय बताया है. हालांकि, इसके बावजूद टीएमसी की आंतरिक कलह और नेतृत्व की मुश्किलें सामने आ गई हैं.

बीजेपी ने बनाई जांच के लिए टीम

बीजेपी ने दिल्ली से चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है, जिसमें बिप्लब देब, मीनाक्षी लेखी, मनन मिश्रा और सत्यपाल सिंह शामिल हैं. यह टीम राज्य का दौरा करके तथ्यों की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंपेगी. विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कॉलेज प्रशासन और शिक्षा विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि “कॉलेजों में प्राचार्य की नियुक्ति मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के दफ्तर से होती है, न कि शिक्षा विभाग से.

लॉ कॉलेज केस में अब तक 4 गिरफ्तार

कोलकाता स्थित एक लॉ कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा से इस सप्ताह की शुरुआत में कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने शनिवार (28 जून 2025) को चौथे आरोपी एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया. इस घटना को लेकर बढ़ते जन आक्रोश के बीच कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. एक अधिकारी ने बताया कि 25 जून को दक्षिण कलकत्ता लॉ कॉलेज परिसर में गार्ड रूम के अंदर हुए अपराध में अबतक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. 

ये भी पढ़ें: Odisha Puri Rath Yatra stampede: ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास मची भगदड़, कम से कम 3 की मौत, 50 घायल