Goa Night Club Accident: गोवा के एक नाइट क्लब में रविवार लगी आग ने पूरे देश को झकझोर दिया है. नाइट क्लब में आग लगने से 25 नागरिकों की दुखद मौत हो गई, जिसके बाद क्लब के दोनों मालिक सौरभ और गौरव लुथरा मुंबई से इंडिगो फ्लाइट पकड़कर थाईलैंड के फुकेत भाग गए. यह सारी जानकारी गोवा पुलिस ने दी है. इस खतरनाक घटना में असम के गोवाहाटी से गोवा काम करने आए तीन युवाओं की मौत ने उनके परिवार को हिलाकर रख दिया है और साथ ही आग में मारे गए युवाओं के परिजनों ने आक्रोश व्यक्त किया है.
युवाओं के परिजनों ने क्या कहा?
हादसे का शिकार हुए युवाओं के परिजनों ने कहा,” हमारे गांव में रोजगार नहीं था, इसलिए हमारे बच्चे गोवा गए थे, लेकिन अब उनका सीधा शव आ रहा है.” साथ ही एक मृत युवक का छोटा भाई कांपते हुए बोला कि दादा कहते थे, थोड़ा कमाकर वापस आऊंगा. लेकिन अब वह विमान से वापस आएगा, सिर्फ एक शव के रूप में.
सपनों के साथ जले 3 जीवन
24 साल के मनोजित मल और 60 साल के राहुल तांती दोनों उस नाइट क्लब के रसोईघर में दिहाड़ी मजदूरी पर काम कर रहे थे. असम के ढेमाजी जिले का एक युवक दिगंत पतीर भी वहां क्लब में रसोइया के रूप में काम करने लगा था. काम खत्म कर आराम से बैठे थे कि रात के अंधेरे में आग लग गई और पल भर में सब कुछ खत्म हो गया. दोनों ‘टी ट्राइब’ समुदाय के थे. बराक घाटी में चाय बागानों की स्थिति इतनी दयनीय है कि युवाओं ने खेती छोड़कर दूसरे राज्यों में काम ढूंढने का रास्ता अपनाया है.
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
इस बीच गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस दुर्घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना पर दुख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने एक उच्च स्तरीय बैठक की और पीड़ितों के परिवारों के लिए सहायता की घोषणा की. इसमें मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है.
‘बर्च बाय रोमियो लेन क्लब’ में आग लगने का वीडियो अब सामने आया है. आग लगने पर डांस फ्लोर पर एक नर्तकी प्रदर्शन कर रही थी. उसी समय लाइव ऑर्केस्ट्रा के ऊपर छत में आग लग गई. नाइट क्लब का रसोईघर ऊपरी मंजिल पर है. और उसके ठीक नीचे डांस फ्लोर है. ऊपर रसोईघर में आग लगने पर डांस फ्लोर की छत कपूर की तरह जल गई.



