Election Result 2023 Live Updates MP Chhattisgarh Telangana Rajasthan Polls Vote Counting Results Winners Lead Trends BJP Congress

Election Result 2023 Live Updates MP Chhattisgarh Telangana Rajasthan Polls Vote Counting Results Winners Lead Trends BJP Congress


Meeting Election Results 2023: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना के विधानसभा चुनाव की मतगणना रविवार (3 दिसंबर) को हो रही है. पहले चुनाव आयोग ने मिजोरम विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए भी 3 दिसंबर की तारीख निर्धारित की थी लेकिन शुक्रवार (1 दिसंबर) को इसे संशोधित कर दिया गया. चुनाव आयोग ने कहा कि अब मिजोरम के चुनाव की मतगणना 4 दिसंबर को होगी.

आयोग ने बताया कि विभिन्न हलकों के अनुरोध के बाद इस आधार पर यह निर्णय लिया गया कि रविवार का दिन ईसाई-बहुल राज्य मिजोरम के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है. चार राज्यों की मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं. इन चुनावों के नतीजे तय करेंगे कि अगले पांच साल इन राज्यों में सत्ता की बागडोर किस पार्टी के हाथ रहेगी लेकिन ये इस रूप में भी अहम माने जा रहे हैं कि लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राज्यों के इन चुनाव को राजनीतिक पंडितों ने सेमीफाइनल करार दिया है.

ज्यादातर एग्जिट पोल के नतीजों में मध्य प्रदेश और राजस्थान में बीजेपी को बढ़त दिखाई गई है, वहीं, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में आंकड़े कांग्रेस के पक्ष में ज्यादा नजर आए हैं. पोल्स के नजीतों में मिजोरम में एमएनएफ को सबसे ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. मिजोरम और तेलंगाना को छोड़कर बाकी तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच ही है.

वहीं, तेलंगाना में सत्तारूढ़ बीआरएस, कांग्रेस और बीजेपी, तीनों पार्टियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है. राज्य में बीजेपी अगर दूसरे नंबर की पार्टी नहीं पाई तो दक्षिणी राज्यों के उसके मिशन को एक और झटका लगेगा क्योंकि कर्नाटक चुनाव हारने के बाद उसने तेलंगाना में पूरी ताकत झोंक दी थी.

इन राज्यों के 2018 के विधानसभा चुनावों की बात करें तो मध्य प्रदेश में तब त्रिशंकु विधानसभा बनी थी, जिसमें कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. 2018 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 114 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि बहुमत का आंकड़ा 116 सीटों का था. वहीं, बीजेपी ने 109 सीटें जीती थीं.

एमपी में 2018 में कांग्रेस ने बीएसपी, समाजवादी पार्टी और निर्दलीयों के सहयोग से सरकार बना ली थी और पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे लेकिन पार्टी के भीतर ज्योतिरादित्य सिंधिया और कुछ विधायकों की बगावत के चलते करीब 15 महीने में ही कांग्रेस की सरकार गिर गई थी और बीजेपी फिर से सत्ता में आ गई थी. इस बार के चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी दोनों अपनी-अपनी जीत होने का दावा कर रही हैं.

छत्तीसगढ़ में 2018 के विधानसभा चुनाव में राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस 68 पर जीती थी और बीजेपी 15 सीटें ही हासिल कर पाई थी. वहीं, 5 सीटें जेसीसी और 2 सीटें बीएसपी ने जीती थीं. राजस्थान के 2018 के विधानसभा चुनाव में 199 सीटों पर मतदान हुआ था. इनमें से कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 99 सीटें और बीजेपी ने 73 सीटें जीती थीं. बीएसपी ने 6 सीटें और अन्य ने 21 सीटों पर जीत हासिल की थी.

तेलंगाना के 2018 के विधानसभा चुनाव में 119 सीटों में से टीआरएस (अब बीआरएस) ने 88 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं, कांग्रेस ने 19, एआईएमआईएम ने 7, टीडीपी ने 2 और बीजेपी ने 1 सीट जीती थी. मिजोरम में 2018 के विधानसभा चुनाव में राज्य की 40 सीटों में से एनएनएफ 26 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी. उस चुनाव में कांग्रेस को 5, बीजेपी को 1 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 8 सीटों पर जीत मिली थी.

यह भी पढ़ें- Meeting Elections Exit Ballot: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में किसकी सरकार बनने के आसार, जानें एग्जिट पोल