- कीर्ति आजाद ने टी-20 मैच में कंडोम विज्ञापनों पर आपत्ति जताई।
- सांसद ने कहा परिवार-बच्चे देखते हैं, बीसीसीआई संज्ञान ले।
- उनकी इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर अब बहस छिड़ी है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति आजाद ने शनिवार (4 जुलाई, 2026) को भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टी-20 इंटरनेशनल मैच के ऑनलाइन लाइव टेलीकास्ट के बीच आने वाले कॉन्डम के विज्ञापनों को लेकर नाराजगी जताई है. उन्होंने इसे लेकर सवाल उठाया है कि क्या एक स्पोर्टिंग इवेंट के दौरान ऐसे विज्ञापन दिखाए जानें चाहिए, जिसे परिवार के लोग और बच्चे भी देखते हैं?
TMC ने X पोस्ट में क्या कहा?
टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने शनिवार (4 जुलाई, 2026) को इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड के ओल्ड ट्रैफोर्ड में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे टी20 इंटरनेशनल मैच को बच्चे भी लाइव देख रहे हैं. ऐसे में यह शर्म की बात है कि मैच के दौरान स्क्रीन पर ड्यूरेक्स (कॉन्डम कंपनी) के अडल्ट विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं. बीसीसीआई को इस पर ध्यान देना चाहिए.’
Children are watching live the international T20 match between India versus England being played at Old Trafford. Isn’t it a shame that an adult advertisement of Durex comes on the screen.@BCCI to take note.
— Kirti Azad (@KirtiAzaad) July 4, 2026
कीर्ति आजाद की टिप्पणी से ऑनलाइन छिड़ गई बहस
पूर्व भारतीय क्रिकेटर की ओर से इस मामले में की गई टिप्पणी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जमकर वायरल हो गई है, जिससे कि ऑनलाइन एक नई बहस छिड़ गई है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अब तक कीर्ति आजाद के इस पोस्ट को 3,26,000 से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं, जबकि 750 से ज्यादा लोगों ने पोस्ट पर कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. वहीं, पोस्ट में कमेंट करने वाले यूजर्स दो भागों में अपनी राय रख रहे हैं.
सोशल मीडिया यूजर्स ने क्या-क्या दी प्रतिक्रियाएं?
कीर्ति आजाद की तरफ से विज्ञापन को लेकर जताई गई चिंता से कई लोगों ने इत्तेफाक रखा है. लोगों का कहना है कि क्रिकेट एक ऐसा खेल है, जो किसी एक परिवार के सभी उम्र वर्ग के लोग साथ में बैठकर देखते हैं और इस दौरान स्क्रीन पर ऐसे विज्ञापनों के दिखाए जाने से परिवार के सदस्यों के बीच सहजता का वातावरण बन जाता है. वहीं, कुछ लोग इस विज्ञापन को सुरक्षित सेक्स और सेक्स संबंधी बातों के प्रति सजगता को प्रमोट करने के लिए एक सही कदम के रूप में देख रहे हैं. उनका कहना है कि ऐसे विज्ञापनों के दिखाए जाने से लोगों में सुरक्षित सेक्स के प्रति जागरूकता बढ़ेगी.
यह भी पढ़ेंः लोकसभा में पेश की जाएगी जस्टिस वर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार की रिपोर्ट, ओम बिरला ने और क्या बताया?



