उन्नाव रेप केसः संसद के बाहर प्रदर्शन, पुलिस ने योगिता भयाना और मुमताज पटेल समेत कई प्रदर्शनकारियों को किया डिटेन

उन्नाव रेप केसः संसद के बाहर प्रदर्शन, पुलिस ने योगिता भयाना और मुमताज पटेल समेत कई प्रदर्शनकारियों को किया डिटेन


उन्नाव रेप केस के दोषी ठहराए जा चुके पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से जमानत दिए जाने के विरोध में संसद भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहीं सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना और कांग्रेस नेता मुमताज पटेल को कई प्रदर्शनकारियों के साथ दिल्ली पुलिस ने शनिवार (27 दिसंबर, 2025) को हिरासत में ले लिया है. 

सोशल मीडिया पर योगिता ने पोस्ट की तस्वीरें

योगिता भयाना ने शनिवार (27 दिसंबर, 2025) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरों के साथ एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट में योगिता भयाना कांग्रेस नेता मुमताज पटेल के साथ संसद भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन करतीं नजर आ रहीं हैं.

वहीं, उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, ‘संसद भवन के बाह धरने पर बैठना कोई शौक नहीं, मजबूरी है. जब बेटिंयों को न्याय नहीं मिलता, तब आवाज बनना जरूरी हो जाता है. अंकिता भंडारी हो या उन्नाव की बेटी.’ उन्होंने आगे कहा, ‘न्याय एक नाम नहीं, हर बेटी का हक है. चुप्पी अपराध है, संघर्ष जरूरी है.’

दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर भी किया विरोध प्रदर्शन

सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने कुलदीप सेंगर को जमानत दिए जाने के विरोध में शुक्रवार (26 दिसंबर, 2025) को दिल्ली हाई कोर्ट के परिसर के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया था. इस दौरान प्रदर्शन में महिला अधिकार कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं और विभिन्न समूहों के प्रतिनिधिओं ने भी हिस्सा लिया. इस प्रदर्शन के चलते दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. मौके पर बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान और सुरक्षा कर्मी वाहनों के साथ तैनात दिखाई दिए थे.