Hyderabad Telangana police arrested a teenager and her lover for murdering their mother

Hyderabad Telangana police arrested a teenager and her lover for murdering their mother


Hyderabad Murder News: तेलंगाना के हैदराबाद से एक बड़ा ही शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां पर एक नाबालिग लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके नाबालिग भाई के साथ मिलकर अपनी मां की कथित रूप से हत्या कर दी. पुलिस ने बुधवार को बताया कि दो दिन पहले पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया.

महिला बेटी के संबंध का विरोध कर रही थी- पुलिस

पुलिस ने बताया कि 16 साल की लड़की ने हत्या की साजिश रचने की बात भी स्वीकार कर ली है. पुलिस के मुताबिक महिला अपनी बेटी और उसके 19 साल के लड़के के संबंध का विरोध कर रही थी, इसीलिए उसने हत्या की साजिश रची.

बता दें कि बेटी हाल ही में लड़के के साथ भाग गई थी, जिसके बाद मां ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी. पुलिस ने दोनों को ढूंढ निकाला और लड़की को उसके परिवार को सौंप दिया. इसके बाद महिला ने शिवा के खिलाफ औपचारिक शिकायत भी दर्ज करवाई थी, लेकिन पुलिस ने कहा कि कार्रवाई के लिए कोर्ट के आदेश का इंतजार है. इसी बीच, महिला की हत्या हो गई.

पुलिस ने बताया कि तीनों ने 23 जून की शाम को चुन्नी से 39 साल की सतला अंजलि का गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके सिर पर वार किया जिसके बाद लड़की का बॉयफ्रेंड और उसका भाई घर से चले गए. 

महिला को मारकर दोनों भाग गए

साइबराबाद कमिश्नरेट पुलिस के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि हालांकि, लड़की को जब एहसास हुआ कि उसकी मां मरी नहीं है तो उसने अपने बॉयफ्रेंड और उसके भाई को फिर से बुलाया. दोनों ने मिलकर महिला का फिर से गला घोंट दिया और उसकी मौत की पुष्टि करने के बाद ही वहां से भागे.

लड़की और उसका बॉयफ्रेंड पगिला शिव कुमार पिछले आठ माह से एक ऑनलाइन सोशल नेटवर्किंग मंच पर दोस्त हैं. शिव कुमार बारहवीं क्लास का छात्र है और ‘डिस्क जॉकी’ (डीजे) है.