Lok Sabha Elections 2024: आगामी लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) कई तरह के कैंपेन चला रही है. केंद्र में अपनी सरकार के कामों और कल्याणकारी योजनाओं को गिनाते हुए वह अपनी पीठ थपथपा रही है. बूथ लेवल तक के कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं और बीजेपी के कामों का प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन बीजेपी के ही एक कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री ने ऐसा बयान दिया है जिससे बीजेपी की परेशानी बढ़ सकती है.
दूसरी तरफ विपक्ष इस बयान को मोदी सरकार के झूठे दावों की पोल खोलने में लग गए हैं. दरअसल, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में एक न्यूज पोर्टल को दिए इंटरव्यू में गरीबों और किसानों की बदहाली पर बात की. उनके इस बयान को कांग्रेस ने भी शेयर किया है.
क्या बोले नितिन गडकरी?
कांग्रेस की ओर से शेयर किए गए वीडियो में नितिन गडकरी ने बातचीत के दौरान कहा कि आज गांव, गरीब, मज़दूर और किसान दुखी हैं. गांवों में अच्छे रोड नहीं, पीने के लिए शुद्ध पानी नहीं, अच्छे अस्पताल नहीं, अच्छे स्कूल नहीं हैं. किसानों के फसल को अच्छे भाव नहीं हैं.
कांग्रेस ने उठाया मुद्दा
नितिन गडकरी के इस बयान को कांग्रेस ने भुनाने की कोशिश की है. कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए बीजेपी पर हमला बोला. कांग्रेस ने गडकरी की कही बातों को एक्स पर पोस्ट करते हुए साथ में इस इंटरव्यू का वीडियो भी अटैच किया.
पहले भी दे चुके हैं पार्टी लाइन से अलग बयान
नितिन गडकरी अपने बयानों की वजह से भी सरकार और पार्टी की मुश्किलें पहले भी बढ़ाते रहे हैं. मराठा आंदोलन के वक्त उन्होंने यहां तक कह दिया था कि नौकरी ही नहीं है, तो आरक्षण लेकर क्या होगा?
2019 चुनाव से पहले गडकरी का बयान खूब सुर्खियां बटोर रही थी. जनवरी 2019 में उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि जो नेता सपने दिखाने का काम करता है, वो लोगों को अच्छा लगता है. गडकरी के इस बयान को सियासी गलियारे में मोदी पर अप्रत्यक्ष तौर पर निशाना साधने के रूप में देखा गया.
ये भी पढ़ें
Lok Sabha Election 2024: हरियाणा में लोकसभा चुनाव में BJP और कांग्रेस-AAP को कितनी सीटें मिलेंगी? सर्वे में आए चौंकाने वाले आंकड़े



