’29 बार ट्रंप ने बोला, उसका जवाब नहीं दिया’, लोकसभा में PM मोदी के भाषण पर राहुल गांधी का पहला रिएक्शन

’29 बार ट्रंप ने बोला, उसका जवाब नहीं दिया’, लोकसभा में PM मोदी के भाषण पर राहुल गांधी का पहला रिएक्शन


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान भाषण दिया. इसको लेकर लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने ट्रंप के सीजफायर वाले दावे पर जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री के मुंह से एक बार भी चीन शब्द नहीं निकला.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “अमेरिकी राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) ने 29 बार भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने की बात बोली, इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक भी टिप्पणी नहीं की और सबसे हैरानी की बात ये है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पूरे भाषण में चीन शब्द एक बार भी नहीं बोला.” उन्होंने कहा, “पूरा देश इस बात को जानता है कि पाकिस्तान की मदद चीन ने की है. फिर भी प्रधानमंत्री के मुंह से या रक्षा मंत्री के मुंह से चीन शब्द नहीं निकला. 

राहुल गांधी ने लोकसभा में केंद्र सरकार को घेरा

वहीं, राहुल गांधी ने लोकसभा में भाषण देते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर के एक बयान का हवाला देकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “यह बहुत ही खतरनाक समय है क्योंकि अब हम पाकिस्तान और चीन की संयुक्त ताकत का सामना कर रहे हैं और ऐसे में हम एक ऐसे प्रधानमंत्री को नहीं बर्दाश कर सकते जिसके पास सेना को उस तरह से इस्तेमाल करने की ताकत नहीं है, जैसे इस्तेमाल सेना का किया जाना चाहिए था. हम ऐसे प्रधानमंत्री को नहीं बर्दाश कर सकते, जिसमें इतना दम नहीं है कि वह यहां आकर यह कह सकें कि डोनाल्ड ट्रंप झूठे हैं और भारत को लड़ने से नहीं रोका.”  

उन्होंने कहा, “हमें ऐसे प्रधानमंत्री की जरूरत है जो सेना को खुली छूट दे दे, नौसेना को पूरी छूट दे दे और एयर फोर्स को भी खुली छूट दे दे और कहे कि जाओ खत्म करो काम को, जैसा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था.“

यह भी पढ़ेंः ‘निर्दोष लोगों को उनका धर्म पूछ-पूछकर गोलियां मारीं…’, पहलगाम आतंकी हमले पर संसद में बोले PM मोदी