राम मंदिर दान मामले पर कांग्रेस का बड़ा हमला, कांग्रेस बोली- ‘रामलला के घर डकैती करने वाले देश के साथ…’

राम मंदिर दान मामले पर कांग्रेस का बड़ा हमला, कांग्रेस बोली- ‘रामलला के घर डकैती करने वाले देश के साथ…’


अयोध्या राम मंदिर दान मामले को लेकर सियासी घमासान तेज होता जा रहा है. विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस ने अब सीधे सरकार और जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि सच्चाई को छिपाने की कोशिश की जा रही है.

कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा, “क्योंकि डकैती गोपनीय है, पूरा देश देख रहा है, गवाह है, सबूत हैं, लेकिन SIT रिपोर्ट गोपनीय है. क्योंकि उन्हें अपने लोगों को बचाना है, लेकिन वे बचा नहीं पाएंगे.” उन्होंने आगे आरोपों को और तीखा करते हुए कहा, “आप सोच सकते हैं कि जो लोग भगवान राम के घर में डकैती कर सकते हैं, वे देश के साथ क्या कर रहे होंगे?”

इस बीच लखनऊ में समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने भी SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट पर कहा, “ग्यारह दिन बीत चुके हैं. पूरा देश ही नहीं बल्कि दुनिया अब भगवान राम के मंदिर में कथित चोरी और डकैती की बात जान चुकी है. आरोप हैं कि आभूषण तक गायब हो गए हैं. मुकुट गायब है, पत्थर गायब हैं, लेकिन अब तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है…”

ये भी पढ़ें : FIR, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और सजा… अयोध्या चंदा चोरी केस में VHP ने योगी सरकार से की ये चार मांगें

कांग्रेस सांसद जेबी माथर ने भी केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए इस पूरे मामले को करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताया. दिल्ली में उन्होंने कहा, “यह शर्म और चिंता की बात है कि अयोध्या राम मंदिर को भी कथित तौर पर लूटा जा रहा है. इस पर डबल इंजन सरकार का क्या कहना है? अयोध्या राम मंदिर लाखों लोगों की भावना है. वहां दिया गया दान गहरी आस्था और श्रद्धा के साथ अर्पित किया जाता है और इससे अनगिनत श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं…”

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि SIT की अंतिम रिपोर्ट में क्या निष्कर्ष सामने आते हैं, क्या FIR दर्ज होगी और क्या जांच के आधार पर किसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. तब तक राम मंदिर दान विवाद देश की राजनीति और सार्वजनिक विमर्श में प्रमुख मुद्दा बना रहने के संकेत दे रहा है.

ये भी पढ़ें : Monsoon Update: अटका मानसून चल पड़ा है, महाराष्ट्र पूरा भीगा, अब यूपी-बिहार की बारी, IMD का बड़ा अलर्ट!