Who Will Be Chief Minister Of Rajasthan Madhya Pradesh And Chhattisgarh BJP Top Leadership Considering Talks

Who Will Be Chief Minister Of Rajasthan Madhya Pradesh And Chhattisgarh BJP Top Leadership Considering Talks


BJP Chief MInister Race: राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में मिली जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर इन राज्यों में संभावित मुख्यमंत्री पद के चयन को लेकर चर्चा हो रही है. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच सोमवार (4 दिसंबर) को इस विषय पर चर्चा हुई. हालांकि इस बैठक में क्या हुआ, इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

सूत्रों का कहना है कि इस संबंध में शीर्ष नेतृत्व की ओर से अंतिम निर्णय लेने से पहले पार्टी के भीतर विचार-विमर्श चल रहा है. सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठकों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करेगा. 

मध्य प्रदेश में कौन बनेगा सीएम?
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मध्य प्रदेश में विजयवर्गीय को भी सीएम पद के चेहरे के रूप में देखा जा रहा है. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश में पीएम मोदी के नेतृत्व के कारण पार्टी को भारी जनादेश मिला था, न कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की किसी योजना की वजह से.

जब उनसे पूछा गया कि क्या ‘लाडली बहना’ योजना ने राज्य में पार्टी की जीत में भूमिका निभाई तो उन्होंने कहा कि क्या लाडली बहना योजना छत्तीसगढ़ या राजस्थान में थीं. गौरतलब है कि विजयवर्गीय के अलावा केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और नरेंद्र सिंह तोमर जैसे राज्य के अन्य नेताओं को इस पद के लिए अन्य संभावितों के रूप में देखा जा रहा है.

राजस्थान में कई सीएम पद के कई चेहरे
वहीं, अगर बात करें राजस्थान की तो यहां पार्टी नेताओं के बीच इस बात पर मजबूत राय है कि नेतृत्व दोनों राज्यों में नए चेहरों को सीएम पद के लिए चुन सकता है. केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अर्जुन राम मेघवाल, राज्य पार्टी अध्यक्ष सीपी जोशी, दीया कुमारी राजस्थान में चुनाव प्रचार के दौरान अहम चेहरा थे.

पीटीआई के मुताबिक महंत बालकनाथ को भी राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के संभावितों चेहरे के रूप में देखा जा रहा है. राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे इन सभी नामों में पहले नंबर पर मानी जा रही हैं.

छत्तीसगढ़ में कौन बनेगा मुख्यमंत्री?
राजस्थान की तरह छत्तीसगढ़ में भी पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, राज्य भाजपा अध्यक्ष अरुण कुमार, विपक्ष के नेता धरमलाल कौशिक और पूर्व आईएएस अधिकारी ओपी चौधरी को भी मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है. रमन सिंह को छोड़कर, सभी तीन नेता अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से आते हैं.

यह भी पढ़ें- गम में खुशी खोजती कांग्रेस! 5 राज्यों के रिजल्ट में इन आंकड़ों का सहारा