Weather Update: भारत के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग ही नजर आ रहा है. गर्मी की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है. वहीं कुछ इलाकों में बादल छाए रहने से हल्की राहत भी बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में गर्मी ने दस्तक दे दी है, जबकि पूर्वी और पश्चिमी राज्यों में मौसम में नमी बनी हुई है. आइए देशभर के मौसम पर नजर डालें.
राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से ही धूप खिल रही है और दिनभर मौसम साफ रहने लगा है. IMD के मुताबिक, सोमवार (31 मार्च, 2025) को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहेगा. हवा में हल्की नमी के साथ गर्मी का असर बढ़ेगा. उत्तर प्रदेश में भी मौसम का हाल कुछ ऐसा ही है. लखनऊ और आसपास के इलाकों में तापमान 35 डिग्री तक जा सकता है. हालांकि, राज्य के पूर्वी हिस्सों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई उम्मीद नहीं है.
बढ़ती जा रही गर्मी
पंजाब और हरियाणा में गर्मी का जोर दिखाई दे रहा है. IMD के मुताबिक, अमृतसर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और चंडीगढ़ में 34 डिग्री तक रहने के आसार हैं. दिन के समय तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी से परेशानी हो सकती है. हालांकि, रात में हल्की ठंडक बनी रहेगी. बिहार की बात करें तो पटना और आसपास के क्षेत्रों में मौसम गर्म और शुष्क रहेगा. अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है और हवा में उमस लोगों को परेशान कर सकती है.
यहां छाए रहेंगे बादल
पश्चिम बंगाल में मौसम थोड़ा अलग रंग दिखा रहा है. कोलकाता में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास रहेगा. हल्की नमी के साथ उमस भरा मौसम रहेगा, लेकिन बारिश की संभावना कम है. वहीं, राजस्थान में गर्मी अपने चरम पर है. जयपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक जा सकता है और दिनभर तेज धूप के साथ शुष्क मौसम रहेगा. कुल मिलाकर देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का असर बढ़ता दिख रहा है. मौसम का यह मिजाज अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- ‘व्हाट्सऐप पर इतिहास पढ़ना बंद करें’, औरंगजेब कब्र विवाद को लेकर भड़के राज ठाकरे; जानें क्या कहा



