Weather Forecast 31st December: न्यू ईयर पार्टी के बीच दिल्ली में होगी बारिश, यूपी-बिहार को लेकर क्या है चेतावनी, जानें साल के आखिरी दिन का मौसम

Weather Forecast 31st December: न्यू ईयर पार्टी के बीच दिल्ली में होगी बारिश, यूपी-बिहार को लेकर क्या है चेतावनी, जानें साल के आखिरी दिन का मौसम


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

इस बार बारिश नए साल के जश्न को फीका कर सकती है, क्योंकि मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड के बीच बारिश होने की आशंका है. इसके अलावा पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है.

देश के पूर्वी और उत्तरी भाग में इन दिनों शीतलहर का कहर देखने को मिल रहा है. आज (31 दिसंबर 2025) को राजधानी दिल्ली के अलावा हिमाचल प्रदेश, यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
IMD ने दिल्ली में आज मौसम बिगड़ने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक कल नए साल पर दिल्ली का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि सुबह के समय तापमान गिरकर 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके अलावा आज शाम से दिल्ली में बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है.

यूपी में शीतलहर का कहर
उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण कई जिलों में शीतलहर का कहर जारी है. साल 2025 के आखिरी दिन आज भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम ऐसा ही रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे बाद कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि आज पूर्वी यूपी के साथ ही पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भयंकर कोहरा रहने की संभावना है. इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.

कहां-कहां आज कोल्ड डे
यूपी में बुधवार को आजमगढ़, गोरखपुर, बलिया , देवरिया, मऊ, अयोध्या, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और बरेली में कोल्ड डे के साथ ही कोहरे का डबल अटैक देखने को मिलेगा. वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, आगरा, कानपुर, उन्नाव, मैनपुरी, रामपुर, कन्नौज, रायबरेली और अमेठी में कड़ाके की ठंड पड़ेगी.

राजधानी लखनऊ और नोएडा में भी सुबह कोहरा देखने को मिलेगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस हो सकता है. 24 घंटे बाद नोएडा और लखनऊ वालों को थोड़ी राहत मिलेगी. बीते 24 घंटे में कानपुर शहर की रात सबसे सर्द रही, क्योंकि यहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. 

बिहार का मौसम
बिहार में आज मौसम का मिजाज बदल सकता है. अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिल सकती है. राजधानी पटना के अलावा गोपालगंज, जहानाबाद, गया, सिवान, भोजपुर, बक्सर और पूर्वी चंपारण में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने नए साल पर 1 जनवरी को कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावनाएं जताई हैं.

ये भी पढ़ें

अवीवा बेग के साथ प्रियंका गांधी ने ली थी सेल्फी, देखें वाड्रा फैमिली की होने वाली बहू की खूबसूरत तस्वीरें