यूक्रेन और रूस के बीच पिछले दो साल से युद्ध जारी है. अब इसे लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि रूसी कंपनियों द्वारा कुछ भारतीयों को हेल्पर के तौर पर भर्ती किया गया था. अब इन्हें जबरदस्ती यूक्रेन के खिलाफ युद्ध लड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है. ये लोग उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब और जम्मू कश्मीर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मीडियो रिपोर्ट को शेयर करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर से मदद की अपील की है. ओवैसी ने कहा, इनकी जान खतरे में है और इनके परिवार वाजिब चिंतित हैं.
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, तीन भारतीयों ने दावा किया है कि उन्हें रूस में आर्मी सिक्योरिटी हेल्पर के तौर पर भर्ती किया था. अब उन्हें रूसी सैनिकों के साथ यूक्रेन के खिलाफ युद्ध लड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, रूस में फंसे एक भारतीय ने बताया कि उसे बेसिक हथियारों की ट्रेनिंग दी गई और डोनेट्स्क के पास युद्ध में उतार दिया गया. यूक्रेनी सैनिकों के खिलाफ युद्ध में उसे गोलियों का सामना करना पड़ा और उसे अपनी जान का खतरा सता रहा है.



