PM Modi Welcomes UAE President Mohammed Bin Zayed Al Nahyan Ahmedabad Road Show Vibrant Gujarat

PM Modi Welcomes UAE President Mohammed Bin Zayed Al Nahyan Ahmedabad Road Show Vibrant Gujarat


Vibrant Gujarat International Summit: भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच रिश्ते लगातार मजबूत होते जा रहे हैं. इस बीच यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान मंगलवार (9 जनवरी) को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. 

यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट’ में हिस्सा लेने के लिए आए हुए हैं. यहां से वो पीएम मोदी के साथ एक रोड शो कर रहे हैं. ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट’ में कई देशों के बड़े नेता हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं.

पीएम मोदी के साथ 3 किमी लंबा रोड शो करेंगे UAE के राष्ट्रपति
पीटीआई भाषा के मुताबिक, अहमदाबाद शहर के पुलिस उपायुक्त (यातायात-पूर्व) सफीन हसन ने रोड शो को लेकर जानकारी दी थी. उन्होंने कहा कि तीन किलोमीटर लंबा रोड शो हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री की ओर से यूएई के राष्ट्रपति की अगवानी करने के बाद शाम को शुरू होगा.

हसन ने कहा, ”रोड शो इंदिरा ब्रिज पर समाप्त होगा, जो अहमदाबाद को गांधीनगर से जोड़ता है. ब्रिज सर्कल से, दोनों गणमान्य व्यक्ति गांधीनगर में अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे.” पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गए हैं.

वाइब्रेंट गुजरात कार्यक्रम के दौरान कई वैश्विक हस्तियों से होगी मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी का बुधवार (10 जनवरी) को गांधीनगर में महात्मा मंदिर कंवेंशन सेंटर में शिखर सम्मेलन के 10वें सत्र का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की एक विज्ञप्ति के अनुसार, आठ से 10 जनवरी तक गुजरात की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी विश्व के नेताओं, शीर्ष वैश्विक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे.

इसके बाद, 9 जनवरी को सुबह करीब 9.30 बजे मोदी गांधीनगर के महात्मा मंदिर कंवेंशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां वह विश्व के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे, उसके बाद शीर्ष वैश्विक कंपनियों के सीईओ के साथ बैठक करेंगे. पीएमओ ने कहा कि दोपहर करीब तीन बजे वह वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे. शिखर सम्मेलन का 10वां संस्करण 10 से 12 जनवरी तक गांधीनगर में आयोजित किया जा रहा है. इस वर्ष के शिखर सम्मेलन के लिए 34 साझेदार देश और 16 साझेदार संगठन हैं.

(इनपुट पीटीआई भाषा से भी)