PM Modi Speech Mp Rajasthan Chhattisgarh Hattrick Of Victories Has Given The Guarantee For 2024 Lok Sabha Hattrick

PM Modi Speech Mp Rajasthan Chhattisgarh Hattrick Of Victories Has Given The Guarantee For 2024 Lok Sabha Hattrick


Election Outcome 2023:  मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत से बीजेपी गदगद है. इसी के साथ पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर लकीर खींच दी है. इसकी बानगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन में भी दिखी. बीजेपी मुख्यालय में पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग तो कह रहे हैं कि आज की हैट्रिक ने 2024 की हैट्रिक की गारंटी दे दी है. आज के जनादेश ने यह भी साबित किया है कि भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद को लेकर देश के भीतर जीरो टॉलरेंस बन रही है.

उन्होंने कहा कि इस चुनाव परिणाम की गूंज एमपी, राजस्थान और छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगी, इन परिणामों की गूंज दूर तक जाएगी. पूरी दुनिया में इन परिणामों की गूंज सुनाई देगी. दुनिया के भरोसे को और मजबूती देगी. दुनियाभर के निवेशकों को भी नया विश्वास देगा.

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “आजादी के अमृतकाल में जो विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, जनता का समर्थन मिल रहा है. भारत की जनता पूर्ण बहुमत के लिए सोच समझकर वोट कर रही है. बीजेपी ने सेवा और सुशासन की राजनीति का नया मॉडल देश के सामने लाया है.”

इंडिया गठबंधन पर पीएम मोदी का वार

पीएम मोदी ने कहा, ”देश की जनता ने साफ-साफ संदेश दे दिया है. ऐसे लोग जो भांति भांति के तर्कों से भ्रष्टाचारियों को कवच देते हैं, ऐसे लोग जो जांच एजेंसियों को बदनाम करने में दिन रात जुटे हुए हैं, वो समझ लें कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का भी जनसमर्थन है.”

उन्होंने कहा, ”चुनाव नतीजे कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के लिए भी बहुत बड़ा सबक है, सबक ये है कि सिर्फ कुछ परिवारवादियों के एक साथ मंच पर आने से फोटो कितनी अच्छी निकल जाए, देश का भरोसा नहीं जीता जाता है. देश की जनता का दिल जीतने के लिए राष्ट्र सेवा का जज्बा होना चाहिए. घमंडिया गठबंधन में रत्ती भर भी वो नजर नहीं आता है.”

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “जिस कांग्रेस ने आदिवासी  समाज को पूछा नहीं, आज उस समाज ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया है. यह भावना आज हमने छत्तीसगढ़, एमपी और राजस्थान में भी देखी, जहां आदिवासी बहुल सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया.”

उन्होंने बताया, “राजस्थान में मैंने भविष्यवाणी की थी कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार लौट कर नहीं आएगी. मैं भविष्य देखता नहीं हूं, लेकिन मेरा भरोसा वहां की जनता पर था और हम इसके नतीजे भी देख रहे हैं. “