Mamata Banerjee On CAA Says BJP Misleading People And Using For Political Gain Attack On Amit Shah

Mamata Banerjee On CAA Says BJP Misleading People And Using For Political Gain Attack On Amit Shah


Mamata Banerjee On BJP: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अध्यक्ष ममता बनर्जी ने गुरुवार (28 दिसंबर) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए कहा कि नागरिकता के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि बीजेपी अपने राजनीतिक लाभ के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है.

पश्चिम बंगाल 24 परगना के चकला में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “मैंने राज्य के मंत्रियों को गांवों का दौरा करके स्थानीय लोगों के साथ बातचीत करने का निर्देश दिया है. केंद्र सरकार ने हमारा फंड भी रोक दिया है लेकिन हम राज्य के लिए अपना बेहतरीन प्रयास कर रहे हैं.”

इसके अलावा उन्होंने इंडिया गठबंधन को लेकर कहा, “इंडिया गठबंधन देशभर में बीजेपी से मुकाबला करेगा, बंगाल में इस लड़ाई का नेतृत्व टीएमसी करेगी.”

क्या कहा था अमित शाह ने?

इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार (26 दिसंबर) को पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान कहा, “सीएए को लागू करना बीजेपी की प्रतिबद्धता है. इसे लागू करने से कोई नहीं रोक सकता, क्योंकि ये देश का कानून है.” साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी पर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया.

अमित शाह ने कहा, “कभी-कभी वह लोगों, शरणार्थियों को गुमराह करने की कोशिश करती हैं कि क्या सीएए देश में लागू होगा कि नहीं. मैं साफतौर पर कहना चाहता हूं कि ये देश का कानून है और कोई भी इसके क्रियान्वयन को रोक नहीं सकता.”

दरअसल, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी साल 2019 में संसद से पारित हुए सीएए कानून का विरोध कर रही है. जिसको लेकर टीएमसी और बीजेपी आमने सामने हैं. 

ये भी पढ़ें: ‘CAA को लागू करने से कोई नहीं रोक सकता’, बंगाल में बोले अमित शाह, ममता बनर्जी पर लगाया गुमराह करने का आरोप