Mahua Moitra Lok Sabha Membership: टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार (8 दिसंबर) को लोकसभा की सदस्यता से निष्कासित किए जाने के बाद अपने पूर्व पार्टनर को लेकर नाराजगी दिखाई. मीडिया सो बात करते हुए उन्होंने कहा, ”दो शिकायतकर्ताओं में से एक मेरा पूर्व प्रेमी था, जो गलत इरादे से आचार समिति के सामने आम नागरिक के रूप में पेश हुआ.”
बता दें कि महुआ मोइत्रा वकील जय अनंत देहाद्राई के साथ कभी रिश्ते में थीं और बाद में उनका ब्रेकअप हो गया था. जय अनंत देहाद्राई से प्राप्त हुए पत्र के आधार पर ही बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने महुआ मोइत्रा पर पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने का आरोप लगाया था. पत्र के हवाले से दावा किया गया था कि महुआ मोइत्रा और रियल एस्टेट समूह हीरानंदानी समूह के सीईओ दर्शन हीरानंदानी के बीच रुपये के आदान-प्रदान के साक्ष्य मिले हैं. हालांकि, महुआ ने आरोपों से इनकार किया था.



