Diljit Dosanjh Indore Concert: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका इंदौर कॉन्सर्ट है। रविवार (15 नवंबर) को अपने ‘AURA इंडिया टूर 2026’ के तहत इंदौर पहुंचे दिलजीत ने मंच से मशहूर शायर राहत इंदौरी का चर्चित शेर पढ़ा। इसके जरिए उन्होंने बिना किसी का नाम लिए अपने विरोधियों को जवाब दिया।

‘महाकाल की धरती पर आने से कोई नहीं रोक सकता’
दिलजीत ने अपने कॉन्सर्ट की शुरुआत ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारे के साथ की। उन्होंने कहा कि यह महाकाल की धरती है और यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। सिंगर ने कहा कि न तो वह पहले डरे थे और न ही आज डरते हैं। उन्होंने अपने फैंस का शुक्रिया भी अदा किया और कहा कि उन्हीं के प्यार और ताकत की वजह से वह यहां मौजूद हैं।
राहत इंदौरी का शेर पढ़कर दिया जवाब
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने कहा कि उन्हें इंदौर आने से रोकने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन वह अपने फैंस से किया वादा निभाने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि एक बार किसी से आने की बात कह देते हैं तो पीछे नहीं हटते।
इसके बाद उन्होंने राहत इंदौरी की मशहूर गजल की कुछ पंक्तियां सुनाईं। इनमें ‘अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है…’ और ‘सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है’ जैसी लाइनें शामिल थीं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
कॉन्सर्ट से पहले मिली थी बम की धमकी
दरअसल, दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले कई जगह बम धमाके की धमकी वाले ई-मेल भेजे गए थे। इनमें इंदौर के मेयर कार्यालय, तीन बैंक और तीन निजी स्कूल शामिल थे। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद इन धमकी भरे संदेशों को पहली नजर में फर्जी बताया था।
इसके अलावा प्रशासन की ओर से दिलजीत के चार गानों को कॉन्सर्ट में न गाने की हिदायत भी दी गई थी। इसके बावजूद उनका शो हुआ और बड़ी संख्या में फैंस उन्हें सुनने पहुंचे।



