Congress Rajya Sabha Candidate List 2026: कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार का ऐलान, खरगे और पवन खेड़ा को कर्नाटक से उतारा, देखे पूरी लिस्ट

Congress Rajya Sabha Candidate List 2026: कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार का ऐलान, खरगे और पवन खेड़ा को कर्नाटक से उतारा, देखे पूरी लिस्ट


कांग्रेस ने कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और झारखंड के लिए राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी ने कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया है. मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन, राजस्थान से नीरज डांगी, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया गया है.

पवन खेड़ा को मिला तपस्या का फल

कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा बीते कुछ दिनों से देश की राजनीति के केंद्र में रहे हैं. पार्टी उन्हें कर्नाटक कोटे से उच्च सदन भेजेगी. साल 2022 में कांग्रेस ने जब 10 राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी तो उसमें पवन खेड़ा का नाम नहीं था. तब उन्होंने कहा था, ‘शायद मेरी तपस्या में कुछ कमी रह गई.’ तब ये सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. अब पार्टी ने उन्हें उनकी तपस्या का फल दे दिया.

मंसूर अली खान पूर्व केंद्रीय मंत्री के. रहमान खान के पुत्र हैं और लंबे समय से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अलग-अलग भूमिकाओं में सक्रिय हैं. वह पिछले लोकसभा चुनाव में बेंगलुरु सेंट्रल क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.

नीरज डांगी पर पार्टी ने दोबारा भरोसा जताया

एससी समुदाय से आने वाले नीरज डांगी पर पार्टी आलाकमान ने एक बार फिर भरोसा जताया है. उन्हें राजस्थान से रिपीट किया गया है. कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा की उम्मीदवार बनाया है. वह राहुल गांधी की कोर टीम की पुरानी और अहम सदस्य रही हैं.

मीनाक्षी नटराज मंदसौर से लोकसभा सांसद रह चुकी हैं. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का राज्यसभा का कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है, हालांकि उन्होंने पहले ही राज्यसभा नहीं जाने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी थी.

कांग्रेस ने तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती को टिकट दिया है. वह वर्तमान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दो प्रकोष्ठों ‘प्रोफेशनल कांग्रेस’ और प्रोद्यौगिकी एवं डेटा विभाग के प्रमुख हैं. तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ कांग्रेस का गठबंधन कराने में उनकी अग्रणी भूमिका मानी जाती है. टीवीके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार (3 जून 2026) को AIADMK के राज्यसभा सदस्य सी.वी. षणमुगम के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट कांग्रेस को देने की घोषणा की थी.

झारखंड से प्रणव झा कांग्रेस के उम्मीदवार

कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा को झारखंड से उम्मीदवार बनाया है. वह मूल रूप से झारखंड के निवासी हैं और वर्तमान में कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय से संबंद्ध हैं. संसद के उच्च सदन की 24 सीट के लिए 18 जून को चुनाव होगा. राज्यसभा की इन सीटों के लिए चुनाव उन 10 राज्यों में होंगे जहां मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है.

राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीट, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीट, झारखंड की दो सीट औरमणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर होंगे. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख आठ जून है.

ये भी पढ़ें : ‘आज भी चलता हमारा फैसला’, हुमायूं कबीर ने ममता को विधानसभा पहुंचाने के किया सीट का ऑफर