CBI ने अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल को किया तलब, RHFL के खिलाफ 228 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में बड़ा एक्शन

CBI ने अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल को किया तलब, RHFL के खिलाफ 228 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में बड़ा एक्शन


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) के खिलाफ 228 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले को लेकर बिजनेसमैन अनिल अंबानी और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही है. केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में कार्रवाई को तेज कर दिया है. जिसके तहत सीबीआई ने आज शुक्रवार (13 मार्च, 2026) को अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी से कई घंटों तक पूछताछ की है.

दरअसल, जय अनमोल अंबानी इस बैंक धोखाधड़ी के दौरान रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के निदेशक पद पर कार्यरत थे. जिसके कारण सीबीआई ने आज शुक्रवार (13 मार्च, 2026) को अनिल अंबानी के बेटे को तलब किया और उनसे पूछताछ की है. इसके अलावा, सीबीआई ने जय अनमोल अंबानी को कल शनिवार (14 मार्च, 2026) को पूछताछ के लिए फिर से कार्यालय बुलाया है.

सीबीआई ने RHFL के खिलाफ दर्ज किया आपराधिक मामला

सीबीआई ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत के आधार पर मेसर्स रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL), उसके प्रवर्तकों/निदेशकों और अज्ञात बैंक अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक कदाचार के आरोपों पर मामला दर्ज किया है. जिसके तहत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (ई-आंध्र बैंक) को 228.06 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.

इसके बाद, मेसर्स रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) का खाता 30 सितंबर, 2019 को NPA (निष्पादित खाता) और 10 अक्टूबर, 2024 को धोखाधड़ी घोषित किया गया था. दरअसल, मेसर्स रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड ने 228 करोड़ रुपये तक के लोन लिए थे. यूनियन बैंक ऑफ इंडिया समेत 18 बैंकों/वित्तीय संस्थानों/गैर-वित्तीय वित्त संस्थाओं/कॉर्पोरेट निकायों से 5572.35 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई है. आरोपी कंपनी की ओर से सभी बैंकों/वित्तीय संस्थानों को धोखा देने के आरोपों की गहन जांच की जाएगी.

सीबीआई ने केस से जुड़े लोगों के घर मारा छापा

सीबीआई ने मुंबई की विशेष CBI अदालत से छापेमारी के लिए वारंट प्राप्त कर 9 नवंबर, 2025 को मुंबई स्थित RHFL के दो आधिकारिक परिसरों, अनिल अंबानी के बड़े बेटे जय अनमोल अंबानी (जो उस समय रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के निदेशक थे) के आवास और RHFL के पूर्व सीईओ और पूर्णकालिक निदेशक रविंद्र सुधालकर के घर पर तलाशी शुरू की. तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिन्हें कब्जे में लिया जा रहा है.