At present Breaking News: देश में एक तरफ राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी चल रही है तो दूसरी ओर लोकसभा चुनाव के लिए भी सभी दल तैयार नजर आ रहे हैं. अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के लिए तैयारियां अपने जोरों पर हैं. शहर को सजाया जा रहा है और 22 जनवरी को वीवीआईपी मूवमेंट होने के चलते सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है. प्राण प्रतिष्ठा के बाद राम मंदिर भक्तों के लिए खुलने वाले है. लाखों लोगों के अयोध्या पहुंचने का अनुमान भी है.
लोकसभा चुनाव में भी कुछ महीनों का वक्त बचा हुआ है. बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन चुनावी मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है. मगर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस जैसी पार्टियों से मिलकर बना इंडिया गठबंधन अब तक तय नहीं कर पाया है कि अलग-अलग राज्यों में सीटों का बंटवारा कैसे करना है. सभी दल सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय कर रहे हैं. इंडिया गठबंधन के सीट बंटवारे और देश के सियासी हाल पर भी लोगों की नजरें टिकी हुई हैं.
दूसरी ओर, उत्तर भारत भीषण सर्दी का सामना कर रहा है. घने कोहरे की चादर ने भी उत्तर भारत को लपेटा हुआ है. राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के ज्यादातर शहर कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की भी जानकारी मिल रही है. दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में हल्की बरसात देखने को मिल रही है. लोगों को सर्दी से बचकर रहने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि आने वाले दिन में तापमान में गिरावट का अनुमान जताया गया है.
दुनिया की बात करें तो इजरायल और हमास के बीच गाजा में अभी भी जंग चल रही है. मगर अब ये जंग यमन में भी केंद्रित होती दिख रही है. इसकी वजह ये है कि हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में जहाजों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. वहीं, हूती विद्रोहियों को जवाब देते हुए अमेरिका और ब्रिटेन ने यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों को निशाना बनाया है. देश और दुनिया से जुड़ी हर छोटी और बड़ी खबर के लिए एबीपी न्यूज के साथ बने रहें. यहां आपको पल-पल के अपडेट्स मिलेंगे.



