भारतीय जनता पार्टी ने अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है. बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का नया कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. जेपी नड्डा के बाद अब पार्टी की जिम्मेदारी वही संभालेंगे.
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव की ओर से जारी लेटर में कहा गया है, ‘भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है. उपरोक्त नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी.’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बधाई है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता श्री नितिन नबीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई. वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं.’
बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता श्री @NitinNabin को @BJP4India के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं।
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई…
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) December 14, 2025
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे. उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं.’
भाजपा के लिए ऐतिहासिक दिन- दिलीप जायसवाल
बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नबीन के भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें बधाई दी है. उन्होंने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है कि बिहार की धरती से आज कोई राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं. ये हमारे लिए और पूरे बिहार के लिए हर्ष का विषय है और मैं पूरे बिहार और बिहार भाजपा की ओर से उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई देता हूं.’
#WATCH | Patna, Bihar | On Bihar Minister Nitin Nabin appointed as the National Working President of the BJP, Bihar BJP President and Bihar government minister Dilip Jaiswal says, “Today is a very historic day for the BJP that a leader from Bihar has been appointed as the… pic.twitter.com/KgY7UwkkoU
— ANI (@ANI) December 14, 2025
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भी बधाई देता हूं कि आज बिहार से इतनी बड़ा सौभाग्य भाजपा को मिला है.’
कौन हैं नितिन नबीन?
बिहार सरकार में PWD मंत्री नितिन नवीन कायस्थ समाज से आते हैं. इस बार बिहार की बांकीपुर सीट से पांचवीं बार विधायक बने हैं. उन्होंने 2006 में उपचुनाव लड़ा और जीत दर्ज की थी. पिता के निधन के बाद उन्होंने सियासी विरासत को संभाला है. इसके बाद 2010, 2015 और 2020 के बाद अब 2025 में भी जीत का परचमा लहराया है. पहली बार 9 फरवरी 2021 को नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें पथ निर्माण मंत्री बनने का मौका मिला था.



