(*7*)
Revanth Reddy Swearing-In Ceremony Information: तेलंगाना कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और विधायक रेवंत रेड्डी गुरुवार (7 दिसंबर) को तेलंगाना के नए सीएम के रूप में शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 1:04 बजे हैदराबाद के विशाल एलबी स्टेडियम में होगा. इसमें करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान है. दरअसल, वीआईपी के अलावा रेवंत रेड्डी ने आम लोगों को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए खुला निमंत्रण दिया है.
गुरुवार (7 दिसंबर) को होने जा रहे इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए लोगों को भेजे गए खुले आमंत्रण में रेवंत रेड्डी ने लिखा, “लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए तेलंगाना में इंदिराम्मा राज्यम (इंदिरा गांधी का शासन) लाने का समय आ गया है. वह तेलंगाना जो छात्रों के संघर्ष, शहीदों के बलिदान और सोनिया गांधी की दृढ़ इच्छाशक्ति से बनाया गया है. वह लोकतांत्रिक और पारदर्शी शासन प्रदान करने के साथ-साथ कमजोर वर्गों, दलितों, आदिवासियों के कल्याण के लिए सरकार बनाने के लिए गुरुवार दोपहर 1:04 बजे तेलंगाना के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. आप सभी इस अवसर पर आमंत्रित हैं.”
राजस्थान के सीएम पर सस्पेंस बरकरार
एक तरफ तेलंगाना में जहां नए सीएम आज शपथ लेंगे, तो वहीं दूसरी तरफ अभी राजस्थान में नए मुख्यमंत्री का नाम भी फाइनल नहीं हो सका है. बुधवार (6 दिसंबर) को दिनभर इस पर बीजेपी में चर्चा चलती रही. देर रात पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक भी की, लेकिन नाम की घोषणा नहीं हो सकी. उम्मीद जताई जा रही है कि आज राजस्थान के नए सीएम के नाम की घोषणा हो सकती है. वहीं, वसुंधरा राजे भी दिल्ली पहुंच गई हैं.
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को भी इंतजार
वहीं, राजस्थान की तरह ही मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को भी अपने नए सीएम का इंतजार है. बताया जा रहा है कि बीजेपी के शीर्ष नेता आज दोनों ही राज्यों के नए मुख्यमंत्री के नाम को फाइनल कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें
Jodhpur Information: जब दूल्हा-दुल्हन रिश्तेदारों के साथ पैदल सड़कों से गुजरने को हुए मजबूर, जानें वजह



