Assembly Election Result 2023: राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के विधानसभा चुनाव का परिणाम लगभगा साफ हो चुका है. तीन हिंदी भाषी राज्यों में बीजेपी मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस को हराते हुए बंपर जीत की ओर बढ़ रही है. वहीं तेलंगाना में के चंद्रशेखर राव (KCR) सत्ता से बाहर होते हुए दिख रही है और यहां कांग्रेस को लोगों ने मौका दिया है. इन सबके बीच सवाल है कि आखिर अन्य क्षेत्रीय पार्टियां और राष्ट्रीय पार्टियों को कितनी सीटें मिली या इनका प्रदर्शन कैसा रहा.
चुनाव आयोग के शाम छह बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी और कांग्रेस को छोड़कर किसी पार्टी का छत्तीसगढ़ में खाता नहीं खुला है. आयोग ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP), यूपी की पूर्व सीएम मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (SP) का यहां काफी खऱाब प्रदर्शन रहा है. राज्य के विधानसभा चुनाव में आप को 0.93 फीसदी, बीएसपी को 2.08 प्रतिशत और सपा को 0.04 फीसदी वोट मिले हैं.
राजस्थान में क्या हाल हुआ?
राजस्थान की बात करें तो यहां की 199 सीटों पर हुए चुनाव में से बसपा ने दो सीटों पर जीत हासिल की है. पार्टी को 1.82 फीसदी वोट मिले हैं. वहीं आप को 0.37 प्रतिशत तो सपा को 0.01 परसेंट मत मिल हैं. दोनों ही पार्टियों का खाता नहीं खुला है.
मध्य प्रदेश में किसे कितनी सीटें मिली?
मध्य प्रदेश की 230 सीटों पर हुए चुनाव में आप को 0.50, बसपा को 3.31, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जेडीयू को 0.02 और सपा को 0.46 फीसदी वोट मिले हैं. राज्य के विधानसभा चुनाव में चारों ही पार्टियों के खाते में एक भी सीट नहीं गई है.
तेलंगाना में इस पार्टी को मिली इतनी सीटें
तेलंगाना में भी बसपा ने किस्मत आजमाई थी, लेकिन पार्टी का खाता नहीं खुला. बसपा को चुनाव में 1.38 फीसदी मत मिले हैं. वहीं राज्य की 119 सीटों में से कांग्रेस 46 हासिल कर चुकी है. बता दें कि सपा, जेडीयू और आप तो बीजेपी के खिलाफ एकजुट हुए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा है.
ये भी पढ़ें- ‘जनादेश स्वीकार करते हैं, विचारधारा…’, MP, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में करारी हार पर राहुल गांधी की पहली प्रतक्रिया



