राम मंदिर चढ़ावा चोरी: VHP चीफ ने लिखी IO को चिट्ठी, प्रियंका गांधी-केजरीवाल समेत कई नेताओं के बयान की जांच की मांग

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: VHP चीफ ने लिखी IO को चिट्ठी, प्रियंका गांधी-केजरीवाल समेत कई नेताओं के बयान की जांच की मांग


राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने जांच अधिकारी (IO) को पत्र लिखकर विपक्षी नेताओं के सार्वजनिक बयानों की भी जांच कराने की मांग की है. आलोक कुमार ने अपने पत्र में कहा है कि राम जन्मभूमि से जुड़े मामले में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने सार्वजनिक रूप से कई आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि जांच एजेंसी इन सभी आरोपों की भी निष्पक्ष तरीके से जांच करें.

विहिप अध्यक्ष ने पत्र में मांग की है कि अगर जांच के दौरान इन नेताओं के लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाए.  अगर जांच में यह आरोप झूठे या बेबुनियाद साबित होते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए. आलोक कुमार का कहना है कि राम जन्मभूमि करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है. ऐसे में इस मामले से जुड़े सभी दावों, आरोपों और बयानों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति न बने.

ये भी पढ़ें: ‘सोनिया गांधी पर भरोसा रखो और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाओ’, रेवंत रेड्डी ने जनता से की अपील

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT जांच

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT की जांच में बैंक खातों और दान राशि का ब्योरा मिलाया जा रहा है. जांच के दौरान यह सामने आया है कि कथित चोरी का मामला उजागर होने से पहले मंदिर के खातों में प्रतिदिन लगभग 16–18 लाख रुपये जमा हो रहे थे, जबकि मामला सामने आने के बाद यह राशि बढ़कर 24–26 लाख रुपये प्रतिदिन तक पहुंच गई. इसके अलावा CCTV फुटेज की जांच की जा रही है. जांच टीम को कुछ नए CCTV फुटेज मिले हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि इन फुटेज से महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. इस पूरे मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

ये भी पढ़ें: ‘बहुत ही दुखद, उनका जाना…’, पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर PM मोदी की आई प्रतिक्रिया