Monsoon 2026: दिल्ली-UP वालों को कब मिलेगी राहत? IMD ने बताया मानसून की अगली चाल, जानें कब-कहां होगी बारिश

Monsoon 2026: दिल्ली-UP वालों को कब मिलेगी राहत? IMD ने बताया मानसून की अगली चाल, जानें कब-कहां होगी बारिश


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • पूर्वोत्तर में भारी बारिश, उत्तर भारत में लू का प्रकोप जारी।
  • मानसून सूरत, इंदौर तक पहुंचा, आगे बढ़ने को परिस्थितियाँ अनुकूल।
  • दिल्ली में गर्मी बरकरार, जुलाई की शुरुआत में बारिश से राहत मिलेगी।
  • पूर्वोत्तर भारत में अगले पाँच दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी।

देश के कई हिस्सों में लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल मौसम की तस्वीर दो हिस्सों में बंटी हुई दिखाई दे रही है. एक तरफ पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर शुरू हो चुका है, वहीं उत्तर भारत के कई इलाके अब भी तेज गर्मी और लू की चपेट में हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा, लेकिन दिल्ली, उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों को राहत के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है.

कहां तक पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून?

IMD के मुताबिक, 28 जून तक दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. इसके बाद अगले चरण में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मानसून दस्तक दे सकता है. आगे चलकर हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के कुछ इलाकों तक भी मानसून पहुंचने की संभावना जताई गई है.

हालांकि, मानसून की एंट्री से पहले उत्तर भारत को गर्मी का एक और दौर झेलना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने साफ कहा है कि उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों तक लू से लेकर भीषण लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है. खासकर पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाओं का असर ज्यादा रहने का अनुमान है.

पिछले 24 घंटे में क्या रही मौसम की स्थिति?

पिछले 24 घंटों के आंकड़े भी यही कहानी बताते हैं कि देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा. पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, झारखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. वहीं, देश का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजस्थान के फलोदी में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

देश की राजधानी में कैसे रहेंगे अगले चार दिन

दिल्ली-एनसीआर की बात करें, तो यहां भी अभी तुरंत राहत मिलने के संकेत नहीं हैं. मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. कई इलाकों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक ज्यादा रहा. 

28 जून: दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है. दोपहर और रात के समय बहुत हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

29 जून: मौसम में हल्का बदलाव दिख सकता है. बादल बने रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है. तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम 29 से 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

30 जून: राहत की शुरुआत यहीं से दिख सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर और रात के समय हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और तापमान गिरकर 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है.

1 जुलाई: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मौसम में सबसे ज्यादा बदलाव महसूस हो सकता है. आसमान में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. अधिकतम तापमान घटकर 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यानी जुलाई की शुरुआत के साथ गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, तो दिल्ली में गर्मी की चेतावनी

वहीं, देश के दूसरे हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा. पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है. असम और मेघालय में 28 जून को कई जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

दिल्ली में पढ़ रही तेज उमस भरी गर्मी से बचने के लिए मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप के दौरान बाहर निकलने से बचें, शरीर को हाइड्रेट रखें, पर्याप्त पानी पिएं और स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर बनाए रखें.

यह भी पढ़ेंः नालंदा यूनिवर्सिटी में फिर से शुरू हुई ‘शास्त्रार्थ’ परंपरा, PM मोदी ने मन की बात में किया जिक्र, जानें क्या कुछ बताया