उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश टीम को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं. सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय नेतृत्व ने यूपी बीजेपी की टीम को लगभग अंतिम रूप दे दिया है और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को संभावित नामों की सूची सौंप दी गई है. अब इस सूची पर अंतिम सहमति और औपचारिक मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है.
नई टीम के गठन में संगठनात्मक संतुलन और युवा नेतृत्व को विशेष महत्व दिया गया है. इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 35 वर्ष की आयु सीमा तय की गई है. माना जा रहा है कि इस मानक के आधार पर ही युवा मोर्चा के नए नेतृत्व का चयन किया जाएगा.
पंकज चौधरी से मिले विनोद तावड़े
इस बीच प्रदेश संगठन को लेकर अहम बैठकों का दौर भी जारी है. बुधवार को बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी के बीच मुलाकात हुई. दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक चर्चा चली. बैठक में प्रदेश टीम के लिए प्रस्तावित सभी नामों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
लिस्ट को केंद्रीय नेतृत्व जल्द कर सकता है फाइनल
जानकारी के मुताबिक संगठन की नई टीम में शामिल किए जाने वाले पदाधिकारियों के नामों पर व्यापक चर्चा हो चुकी है. अब सूची को केंद्रीय नेतृत्व की अंतिम स्वीकृति मिलने का इंतजार है. मंजूरी मिलते ही प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी अपनी नई टीम की घोषणा कर सकते हैं.
राजनीतिक हलकों में नई टीम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है. संगठन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरें अब केंद्रीय नेतृत्व के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं. माना जा रहा है कि मंजूरी मिलते ही प्रदेश संगठन की नई टीम का ऐलान कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें : 6 दिनों की पड़ताल, 15 पन्नों की रिपोर्ट और निशाने पर चंपत राय…, SIT रिपोर्ट के खुलासे से मच सकता है हड़कंप



