‘इस तरह की चालें काम नहीं आएंगी…’, इस्लामाबाद ब्लास्ट पर शहबाज शरीफ ने मढ़ा झूठा आरोप तो भारत ने दिया करारा जवाब

‘इस तरह की चालें काम नहीं आएंगी…’, इस्लामाबाद ब्लास्ट पर शहबाज शरीफ ने मढ़ा झूठा आरोप तो भारत ने दिया करारा जवाब



इस्लामाबाद की एक अदालत के बाहर हुए आत्मघाती विस्फोट के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत को जिम्मेदार ठहराया है. भारत ने पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ के बयान को मनगढ़ंत कहानियां करार दिया. 

भारत ने शहबाज शरीफ के आरोपों पर दिया जवाब

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “पाकिस्तान अपनी अंदरूनी समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ऐसी मनगढ़ंत कहानियां बना रहा है. पाकिस्तान में सेना के इशारे पर संविधान को ताक पर रखकर सत्ता पर कब्जा किया जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय समुदाय वास्तविकता से अच्छी तरह वाकिफ है और पाकिस्तान की हताशापूर्ण ध्यान भटकाने वाली चालों से गुमराह नहीं होगा.”

इस्लामाबाद विस्फोट में 12 की मौत

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में स्थित एक अदालत के बाहर मंगलवार को एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए. पाकिस्तान के गृह मंत्री के अनुसार हमलावर अदालत परिसर में घुसना चाहता था, लेकिन असफल होने पर उसने दोपहर 12.39 बजे (स्थानीय समयानुसार) राजधानी के जी-11 इलाके में इमारत के फाटक पर एक पुलिस वाहन के पास विस्फोट करके खुद को उड़ा लिया.

आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली. इसके बावजूद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार (11 नवंबर, 2025) को हुए इस हमले का ठीकरा भारत पर फोड़ने की कोशिश की.

शहबाज शरीफ ने भारत पर लगाए आरोप

पाकिस्तान की सरकारी न्यूज एजेंसी APP के मुताबिक शहबाज शरीफ ने कहा, “ये हमले भारत की ओर से प्रायोजित आतंकवाद की कड़ी हैं, जिसका उद्देश्य पाकिस्तान को अस्थिर करना है.” शहबाज शरीफ ने बिना कोई सबूत दिखाए यह भी दावा किया कि अफगानिस्तान की जमीन से संचालित नेटवर्क वाना में बच्चों पर हुए हमले के लिए भी जिम्मेदार है.

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन ने कहा कि पाकिस्तान का स्पष्ट मानना ​​है कि अफगानिस्तान को अपनी धरती से आतंकवाद को रोकना चाहिए, अन्यथा हमें उनके खिलाफ कार्रवाई करनी होगी.