BRICS Summit 2023 Egypt Ethiopia Iran Argentina The United Arab Emirates And Saudi Arabia Joins Group


BRICS Summit 2023: ब्रिक्स देशों के ग्रुप में 6 देश- अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हुए हैं. दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफोसा 24 अगस्त को कहा कि हमने अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को ब्रिक्स का पूर्ण सदस्य बनने के लिए आमंत्रित करने का निर्णय लिया है.

रामफोसा ने कहा कि नए सदस्य एक जनवरी 2024 से ब्रिक्स का हिस्सा बन जाएंगे. उन्होंने कहा कि हम ब्रिक्स के साथ साझेदारी बनाने में अन्य देशों के हितों को महत्व देते हैं.

क्या बोले पीएम मोदी?

ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ”मुझे खुशी है कि तीन दिन के विचार-विमर्श से कई सकारात्मक नतीजे निकले.”

समूह के नेताओं की मीडिया ब्रीफिंग में पीएम मोदी ने कहा, ”हमने ब्रिक्स के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.” उन्होंने कहा, ”भारत ने हमेशा ब्रिक्स के विस्तार का पूरा समर्थन किया है, उसका मानना ​​है कि नए सदस्यों के जुड़ने से समूह और मजबूत होगा.”

पीएम मोदी ने कहा कि ब्रिक्स के विस्तार का निर्णय बहुध्रुवीय दुनिया में कई देशों के विश्वास को और मजबूत करेगा. उन्होंने कहा, ”मुझे खुशी है कि हमारी टीम ब्रिक्स के विस्तार के लिए मार्गदर्शक सिद्धांतों, मानकों, मानदंडों, प्रक्रियाओं पर एक साथ सहमत हुई हैं.” उन्होंने कहा कि इन सभी देशों के साथ भारत के बहुत गहरे और ऐतिहासिक संबंध रहे हैं.

इससे पहले ब्रिक्स में विस्तार के संबंध में नए सदस्यों के चयन में सर्वसम्मति बनाने में भारत ने अहम भूमिका निभाई. ब्रिक्स- पांच विकासशील देशों ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका का समूह है जो विश्व की 41 प्रतिशत आबादी, 24 प्रतिशत वैश्विक जीडीपी और 16 प्रतिशत वैश्विक कारोबार का प्रतिनिधित्व करता है.