‘सिर्फ ममता बनर्जी के समर्थकों को परेशान किया जा रहा है’, TMC नेता कुणाल घोष का शुभेंदु अधिकारी पर बड़ा आरोप

‘सिर्फ ममता बनर्जी के समर्थकों को परेशान किया जा रहा है’, TMC नेता कुणाल घोष का शुभेंदु अधिकारी पर बड़ा आरोप


तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक कुणाल घोष ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तृणमूल कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के वफादार विधायकों को निशाना बना रही है. कुणाल घोष ने कहा कि जो नेता ममता बनर्जी के साथ खड़े हैं और उस TMC के साथ जुड़े हैं जिसे ममता बनर्जी ने खुद बनाया था, उन्हें पुराने मामलों या दूसरे आरोपों में फंसाकर दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी तरफ के नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.

न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, कुणाल घोष ने कहा कि ममता बनर्जी का समर्थन करने वाले लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है और उन्हें परेशान किया जा रहा है. इस दौरान उन्होंने तारातला बिल्डिंग हादसे को लेकर भी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने गुरुवार को विधानसभा में कहा था कि जिस बिल्डिंग का प्लान पास हुआ था, उस पर कोलकाता के पूर्व मेयर और वरिष्ठ TMC नेता फिरहाद हकीम के साइन थे. इस पर कुणाल घोष ने सवाल उठाया कि अगर दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर हैं तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि सिर्फ ममता बनर्जी के करीबी नेताओं को ही टारगेट किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: ‘इंदिरा गांधी के बाद सिर्फ PM मोदी ने ही…’, शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पिता प्रणब मुखर्जी की बातों को किया याद

तारातला में बिल्डिंग गिरने का हादासा

तारातला में कुछ दिन पहले एक बिल्डिंग गिर गई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे. इस घटना के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया. इसी बीच TMC के बागी विधायकों के गुट, जो खुद को असली तृणमूल बता रहा है. उन्होंने कोलकाता में पार्टी के पूर्व पार्षदों के साथ एक बैठक की. इस बैठक में पार्टी की नई लीडरशिप और संगठन को लेकर चर्चा हुई. पूर्व पार्षद देबलीना बिस्वास ने बताया कि यह बैठक 22 जून को बने नए ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस बोर्ड ने बुलाई थी. उन्होंने कहा कि इस बैठक में पुराने पार्षदों को अपने-अपने इलाकों में आ रही दिक्कतों पर बात करने के लिए बुलाया गया था.

TMC से निकाले गए विधायक का दावा

TMC से निकाले गए विधायक संदीपन साहा ने दावा किया कि पार्टी के ज्यादातर विधायक, पुराने पार्षद और वरिष्ठ नेता अब उनके साथ हैं. उन्होंने कहा कि यह साफ हो चुका है कि आने वाले समय में तृणमूल कांग्रेस की अगली लीडरशिप कौन संभालेगा. उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए कोलकाता में यह बैठक की गई थी और इसमें कोलकाता नगर निगम के कई पार्षद भी शामिल हुए थे. इस महीने की शुरुआत में रीताब्रता बनर्जी के बागी गुट ने नई TMC लीडरशिप का ऐलान किया था. इसमें अरूप रॉय को चेयरपर्सन बनाया गया था और इस गुट ने दावा किया था कि उनके साथ कम से कम 58 विधायक हैं. इसके साथ ही इस गुट ने 30 सदस्यों की एक राष्ट्रीय कार्य समिति भी बनाई थी, जबकि ममता बनर्जी को पार्टी का मार्गदर्शक बनाए रखा गया है.

ये भी पढ़ें: अपने ही विभाग से 99 लाख की सब्सिडी लेकर विवादों में घिरे मोदी के मंत्री भागीरथ चौधरी, विपक्ष ने उठाए सवाल तो जानें क्या बोले?