देश की राजनीति में पारिवारिक पार्टियों का दबदबा हमेशा से रहा है, लेकिन कई बार ऐसे मौके भी आए हैं जब इन घरानों के भीतर ही टकराव और टूट की घटनाएं सामने आई हैं. ताजा मामला बिहार में लालू परिवार का है. यहां तेजप्रताप को पहले ही पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा गया था. अब बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी की करारी हार के बाद लालू परिवार में जबरदस्त कलह नजर आ रही है. लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला है. वहीं, तेजस्वी यादव ने भी पलटवार किया है. यह सिर्फ लालू यादव का परिवार की ही कहानी नहीं है, पहले भी यूपी से लेकर हरियाणा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और तेलंगाना तक कई बड़े राजनीतिक घराने अंदरूनी लड़ाइयों से जूझ चुके हैं.
मुलायम सिंह यादव परिवार: अखिलेश बनाम शिवपाल की खींचतान
उत्तर प्रदेश की राजनीति में सबसे चर्चित पारिवारिक विवाद मुलायम सिंह यादव परिवार में देखने को मिला. 2016 में अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव के बीच टकराव खुलकर सामने आया. पिता मुलायम सिंह ने कई बार सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी और शिवपाल ने खुद की अलग पार्टी -प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बना ली.
इसके अलावा, मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव ने 2022 में समाजवादी पार्टी छोडकर बीजेपी जॉइन कर ली थी. अपर्णा ने सदस्यता दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर ली, जिससे साफ दिखा कि बीजेपी ने इसे राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि की तरह पेश किया. अपर्णा और उनके पति प्रतीक यादव की अखिलेश यादव से नहीं बनती, यह लंबे समय से सबको पता था. अपर्णा सपा में किसी खास पद पर नहीं थीं, सिर्फ एक चुनाव लड़ा था और तब भी वे बीजेपी नेताओं से घुलती-मिलती दिखती थीं और मोदी की तारीफ करती थीं.
ओपी चौटाला परिवार: दो भाइयों का राजनीतिक बंटवारा
हरियाणा में चौटाला परिवार की राजनीति लंबे समय से फूट का शिकार है. INLD से टूटकर अजय चौटाला और उनके बेटों ने जननायक जनता पार्टी (JJP) बना ली. दुष्यंत चौटाला डिप्टी सीएम भी बने, जबकि ओपी चौटाला INLD को जिंदा रखने में जुटे रहे. 2018 में चौटाला परिवार में विरासत की लड़ाई शुरु हुई और इसका असर INLD पर भी पड़ा. ओम प्रकाश चौटाला और उनके बड़े बेटे अजय चौटाला अलग हो गए.
अजय ने INLD से अलग होकर जननायक जनता पार्टी (JJP) बनाई. 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में JJP ने 90 में से 10 सीटें जीतीं और अजय के बेटे दुष्यंत चौटाला किंगमेकर बनकर सामने आए. BJP ने JJP के साथ मिलकर सरकार बनाई और दुष्यंत डिप्टी सीएम बने.हालांकि लोकसभा चुनाव में JJP एक भी सीट नहीं जीत पाई, फिर भी गठबंधन चलता रहा. लेकिन 2024 लोकसभा चुनाव से पहले ही BJP और JJP का गठबंधन टूट गया. इसके बाद मनोहर लाल खट्टर ने इस्तीफा दिया और नायब सिंह सैनी नए सीएम बने. गठबंधन टूटने के बाद दुष्यंत चौटाला को भी डिप्टी सीएम पद छोड़ना पड़ा.
शरद पवार परिवार: महाराष्ट्र में भतीजे की बगावत
2023 में महाराष्ट्र की राजनीति उस समय हिल गई जब शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने NCP तोड़ दी और भाजपा-शिंदे सरकार में उपमुख्यमंत्री बन गए. शरद पवार अब अपनी ‘असली NCP’ बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं.
गांधी परिवार: राहुल–प्रियंका बनाम असंतुष्ट धड़ा
कांग्रेस में खुले तौर पर भले विवाद न दिखे, लेकिन पार्टी के अंदर ‘G-23’ समूह कई बार गांधी परिवार के नेतृत्व पर सवाल उठा चुका है. राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर लगातार चर्चा होती है, जबकि प्रियंका की भूमिकाओं को लेकर भी अंदरूनी मतभेद सामने आते रहे हैं. हाल के दिनों में शशि थरूर के सरकार समर्थित बयान देने से भी पार्टी में अंदरूनी कलह जारी है.
ठाकरे परिवार: उद्धव और राज में पुरानी दरार
महाराष्ट्र का ठाकरे परिवार भी दो हिस्सों में बंटा. राज ठाकरे ने शिवसेना छोड़कर MNS बना ली. बाद में 2022 में एक और बड़ी टूट हुई जब एकनाथ शिंदे ने शिवसेना का बड़ा हिस्सा अलग कर लिया और मुख्यमंत्री बन गए. उद्धव ठाकरे अभी भी अपने गुट को बचाने में जुटे हैं.
करुणानिधि परिवार: स्टालिन–अलागिरी के बीच पुराना विवाद
तमिलनाडु में DMK प्रमुख करुणानिधि के बेटों में भी खींचतान रही. एमके स्टालिन को पार्टी का वारिस बनाया गया, जिससे बड़े भाई एमके अलागिरी नाराज रहे. भाईयों के बीच कड़वाहट इतनी बढ़ी कि अलागिरी को पार्टी से ही बाहर कर दिया गया.
KCR परिवार: सत्ता की लड़ाई में फूट की चर्चा
तेलंगाना में के. चंद्रशेखर राव (KCR) की पार्टी BRS में चुनाव हार के बाद बगावत की आवाजें उठने लगी हैं. पार्टी में KTR बनाम हरीश राव की खींचतान की खबरें समय–समय पर आती रही हैं. कई बार दोनों एकदूसरे के साथ भी नजर आए लेकिन भीतरी मनमुटाव को लेकर कभी चर्चाएं शांत नहीं हुईं.
झारखंड का सोरेन परिवार: सत्ता और नेतृत्व को लेकर तनाव
झारखंड में हेमंत सोरेन और उनके भाई बसंत सोरेन के बीच राजनीतिक मतभेद कई बार सामने आए हैं. पिता शिबू सोरेन ने हमेशा परिवार को एकजुट रखने की कोशिश की, लेकिन सत्ता की राजनीति में यह तनाव लगातार दिखता रहा है. दुर्गा सोरेन, हेमंत सोरेन और बसंत सोरेन तीनों शिबू सोरेन के बेटों के नाम हैं. इनमें से दुर्गा सोरेन की मौत हो चुकी है और उनकी पत्नी सीता सोरेन विधायक हैं, जबकि हेमंत सोरेन पार्टी के प्रमुख हैं और सीएम रह चुके हैं.



