Rahul-Tejaswi Meeting: बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इसी को लेकर दिल्ली में महागठबंधन के दो बड़े दलों राजद और कांग्रेस के नेताओं की एक अहम बैठक हुई. इस बैठक में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हुए. यह बैठक मंगलवार (15 अप्रैल) को दिल्ली में खरगे के घर पर हुई, जिस पर खूब सियासी चर्चाएं हो रही हैं.
बैठक में कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लवरु, राजद सांसद मनोज झा और संजय यादव भी मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि इसमें बिहार चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे और अन्य जरूरी मुद्दों पर बात हो रही है.
बैठक को लेकर तेजस्वी ने कही ये बात
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कांग्रेस के साथ बैठक पर कहा, “हम सभी ने बैठक की है और काफी सकारात्मक चर्चा हुई है और हम सभी 17 तारीख को पटना में अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ बैठेंगे. हम पूरी तरह से तैयार हैं. हम बिहार को मजबूती के साथ आगे ले जाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं. “
उन्होंने कहा, “20 साल से सत्ता में रही राज्य सरकार और 11 साल से केंद्र में NDA सरकार है. इनके 20 साल के सरकार में बिहार में सबसे गरीब है, प्रति व्यक्ति आय सबसे कम है और सबसे ज्यादा पलायन होता है. हम मुद्दों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं.” RJD नेता तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के CM चेहरे को लेकर पूछे जाने पर कहा, “बातचीत के बाद सारी चीजें सामने आ जाएंगी.”
RJD प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कही ये बात
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़गे और तेजस्वी यादव की बैठक पर RJD के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह जनता तय करती है. बिहार की 14 करोड़ जनता तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री मान चुकी है. उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और मजबूती से चुनाव की तैयारी कर रहा है.
मृत्युंजय तिवारी ने आगे कहा कि हमारे विरोधियों को पहले अपने गठबंधन की फिक्र करनी चाहिए, क्योंकि एनडीए में तो कई लोग खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार मान रहे हैं. तेजस्वी यादव की कांग्रेस नेताओं से मुलाकात होनी है और इसमें किसी तरह का भ्रम नहीं है. बिहार में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ही होंगे.
भाजपा ने साधा निशाना
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “कांग्रेस और RJD का गठबंधन बेमेल गठबंधन है, दोनों का एजेंडा एक दूसरे का कद कम करना है. RJD कभी नहीं चाहेगी कि कांग्रेस बिहार में फिर से अपना आधार बढ़ाए और कांग्रेस चाहती है कि मैं बिहार में RJD का बड़ा भाई बना रहूं. यह दोनों के बीच आंख मिचौली का खेल है. यह बेमेल गठबंधन है.”



