‘यकीन नहीं कि वो ऐसा कर सकती है…’ टेरर मॉड्यूल में गिरफ्तार डॉ. शाहीन का भाई हैरान, प्रोफेसर ने भी किए कई बड़े खुलासे

‘यकीन नहीं कि वो ऐसा कर सकती है…’ टेरर मॉड्यूल में गिरफ्तार डॉ. शाहीन का भाई हैरान, प्रोफेसर ने भी किए कई बड़े खुलासे



दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए नाम सामने आते जा रहे हैं. अब फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल में गिरफ्तार डॉ. शाहीन एजेंसियों के रडार पर हैं. शाहीन के परिवार और यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों ने उनके बारे में कई अहम बातें बताई हैं, जिनसे जांच को नया मोड़ मिल सकता है.

क्या बोला शाहीन का भाई?
डॉ. शाहीन के बड़े भाई शोएब ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उसे अपनी बहन पर लगे आरोपों पर भरोसा नहीं होता. उसने बताया कि पारिवारिक मतभेदों के कारण पिछले चार साल से उसका शाहीन से कोई संपर्क नहीं है, और तीन साल से अपने भाई डॉ. परवेज से भी बात नहीं हुई. शोएब ने कहा, ‘हमारे परिवार का किसी गलत काम से कोई लेना-देना नहीं है. शाहीन बचपन से ही पढ़ाई में बहुत तेज थी. मुझे नहीं लगता कि वह किसी संगठन से जुड़ी हो सकती है और ऐसा कर सकती है.’

शाहीन का हो चुका है तलाक
डॉ. शाहीन के पूर्व पति डॉ. हयात ने बताया कि उनकी शादी के बाद 2012 में तलाक हो गया था. तलाक के बाद से उन्हें शाहीन की कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा, ‘हमारे दो बच्चे हैं जो मेरे साथ रहते हैं. मुझे नहीं पता कि शाहीन कहां रहती थी या किन लोगों के संपर्क में थी.’

यूनिवर्सिटी प्रोफेसर का बड़ा खुलासा
अल फलाह यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर ने शाहीन के व्यवहार को लेकर कई बातें बताईं. प्रोफेसर के अनुसार, ‘डॉ. शाहीन अनुशासन में नहीं रहती थी. कई बार बिना बताए कॉलेज से चली जाती थी. उससे मिलने कॉलेज में कई लोग आते थे और उसका व्यवहार भी कुछ अजीब था.’ उन्होंने कहा कि इस बारे में मैनेजमेंट को शिकायत भी की गई थी, लेकिन शाहीन ने कभी अपनी गतिविधियों पर सफाई नहीं दी.

जांच में नए खुलासों की उम्मीद
फरीदाबाद मॉड्यूल में गिरफ्तार डॉ. शाहीन से पूछताछ जारी है. NIA और अन्य एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या उनके तार दिल्ली ब्लास्ट और किसी आतंकी संगठन से जुड़े हैं. सूत्रों के मुताबिक, शाहीन के फोन रिकॉर्ड, सोशल मीडिया और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है.