PM Modi In Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सीवान में जल, रेल और बिजली से जुड़ी हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मंच पर मौजूद रहे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार बिहार के सिवान में 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की जल, बिजली और रेल क्षेत्र से जुड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. ये परियोजनाएं नमामि गंगे योजना के अंतर्गत भी आती हैं, जिनका उद्देश्य राज्य की बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना है. इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक शुरुआत है, और केंद्र सरकार बिहार के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत भाषण
इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा, “जब से NDA को काम करने का मौका मिला है, बिहार में व्यापक बदलाव देखने को मिला है. पहले की सरकारों में लोग अपने घर से बाहर निकलने में डरते थे. आज महिलाएं आत्मविश्वास के साथ बाहर निकल रही हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है. हमने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, और आज उनका सशक्तिकरण स्पष्ट रूप से दिख रहा है.” नीतीश कुमार ने जातीय जनगणना कराने के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया.
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले- “पीएम मोदी जब भी आते हैं”
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करता हूं कि वे आज सिवान में नमामि गंगे योजना के तहत 6,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने आए. जब भी प्रधानमंत्री बिहार आते हैं, वे राज्य को किसी न किसी नई सौगात के साथ लौटते हैं. पूरा बिहार उनके आने का इंतजार करता रहता है.” उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य को नई दिशा मिल रही है.



