पीएम मोदी को मिला कुवैत का सर्वोच्च सम्मान, ‘द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ से नवाजे गए भारतीय प्रधानमंत्री

पीएम मोदी को मिला कुवैत का सर्वोच्च सम्मान, ‘द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ से नवाजे गए भारतीय प्रधानमंत्री


भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कुवैत यात्रा के अंतिम दिन रविवार (22 दिसंबर 2024) को बायन पैलेस में गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया. कुवैत ने पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर से सम्मानित किया. यह किसी देश की ओर से पीएम मोदी को दिया गया 20वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है. यह ऑर्डर मित्रता के प्रतीक के रूप में राष्ट्राध्यक्षों. विदेशी संप्रभुओं और विदेशी शाही परिवारों के सदस्यों को प्रदान किया जाता है. इसे पहले बिल क्लिंटन, प्रिंस चार्ल्स और जॉर्ज बुश जैसे विदेशी नेताओं को प्रदान किया जा चुका है.

पीएम इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौते भी होने वाले हैं. भारत सरकार खाड़ी देशों के साथ रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है. पीएम मोदी ने कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के साथ वार्ता की, जिसमें विशेष रूप से व्यापार, निवेश और ऊर्जा के क्षेत्रों में भारत-कुवैत संबंधों को नयी गति प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित किया गया.

कुवैत के निमंत्रण पर पीएम मोदी शनिवार (21 दिसंबर 2024) को यहां पहुंचे थे. यह पिछले 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस खाड़ी देश की पहली यात्रा है. पीएम मोदी ने शनिवार को एक भारतीय सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित किया था और एक भारतीय श्रमिक शिविर का दौरा भी किया था. भारत, कुवैत के शीर्ष व्यापारिक साझेदारों में से एक है और भारतीय समुदाय कुवैत में सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है.

(ये स्टोरी लगातार अपडेट की जा रही है.)