तेलंगाना से राज्यसभा के लिए अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी होंगे कांग्रेस के उम्मीदवार, मल्लिकार्जुन खरगे ने की घोषणा

तेलंगाना से राज्यसभा के लिए अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी होंगे कांग्रेस के उम्मीदवार, मल्लिकार्जुन खरगे ने की घोषणा


कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तेलंगाना से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम को मंजूरी दे दी है. पार्टी ने इसके लिए दो नेताओं को उम्मीदवार बनाया है. कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता और सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील अभिषेक मनु सिंघवी को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है. उनके साथ वी. नरेंद्र रेड्डी को भी तेलंगाना से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का उम्मीदवार घोषित किया गया है.

राज्यसभा चुनाव का महत्व इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इसमें उम्मीदवारों की जीत आमतौर पर विधानसभा में पार्टियों की संख्या पर निर्भर करती है. तेलंगाना में इस समय कांग्रेस की सरकार है, इसलिए इन सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है. राज्यसभा में अपनी संख्या बढ़ाने के लिए कांग्रेस के लिए यह चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

कौन है अभिषेक मनु सिंघवी?

अभिषेक मनु सिंघवी भारत के जाने-माने वकील और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं. वे सुप्रीम कोर्ट में सीनियर एडवोकेट हैं और देश के कई बड़े कानूनी मामलों में अपनी दलीलें रख चुके हैं. कानूनी और संवैधानिक मुद्दों पर उनकी गहरी समझ के कारण उन्हें भारत के प्रमुख वकीलों में गिना जाता है. सिंघवी कई बार राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं. पार्टी में उन्हें अक्सर कानूनी और संवैधानिक मामलों पर सलाह देने की जिम्मेदारी दी जाती है, इसलिए उनका राजनीतिक और कानूनी दोनों क्षेत्रों में खास महत्व माना जाता है.

कौन है वेम नरेंद्र रेड्डी?

कांग्रेस ने तेलंगाना से वेम नरेंद्र रेड्डी को भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है. वे लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. पार्टी संगठन और स्थानीय राजनीति में उनकी पकड़ को देखते हुए उन्हें यह मौका दिया गया है.