तमिलनाडु में फिर साथ चुनाव लड़ेंगे DMK-कांग्रेस, फॉर्मूला तय, किसे-कितनी मिलेंगी सीटें?

तमिलनाडु में फिर साथ चुनाव लड़ेंगे DMK-कांग्रेस, फॉर्मूला तय, किसे-कितनी मिलेंगी सीटें?


तमिलनाडु में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, इससे पहले कांग्रेस और सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर सहमति बन चुकी है. डीएमके ने कांग्रेस को 28 विधानसभाकी सीटों ऑफर की हैं, इसके अलावा एक राज्यसभा की सीट भी कांग्रेस को देने पर डीएमके राजी हुई है.

आधिकारिक ऐलान होना बाकी

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेता पी चिदंबरम और डीएमके प्रमुख और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बीच हुई बैठक में सीट बंटवारे पर बात बन चुकी है, हालांकि अभी इसका आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच बुधवार (4 मार्च) को बैठक हुई. जिसके बाद बात बन गई. वहीं, सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर सहमति बनने के बाद यह भी साफ हो गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में दोनों दल गठबंधन करके चुनाव लड़ते नजर आएंगे. 

2021 में 25 सीटों पर लड़ी थी कांग्रेस

तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीटें हैं. साल 2021 में तमिलनाडु में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 25 सीटों पर चुनाव लड़ा था, इनमें से उसे 18 पर जीत मिली थी. हालांकि इस बार कांग्रेस ने 39 विधानसभा सीटों की मांग की थी, इसके अलावा राज्यसभा की दो सीटें भी मांगी थीं. हालांकि अब दोनों दलों के नेताओं के बीच बनी सहमति के मुताबिक कांग्रेस को 28 सीटें ऑफर की है, जबकि एक राज्य सभा की सीट पर बात बनी है. दोनों दलों के बीच इस पर सहमति बन चुकी है लेकिन आधिकारिक ऐलान होना बाकी है.

सीट शेयरिंग पर क्या बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष?

डीएमके-कांग्रेस गठबंधन पर तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगई ने कहा, ‘हमें 28 सीटें मिलीं. 40 साल बाद हमें तीन अतिरिक्त सीटें और राज्यसभा में एक सीट मिली है. इसलिए हम बहुत खुश हैं. चुनावों में हम 210 से अधिक सीटें जीतने जा रहे हैं. यह एक वैचारिक गठबंधन है. स्वाभाविक सहयोगियों को इस गठबंधन की जरूरत है.तमिलनाडु की जनता को इस गठबंधन की जरूरत है. मुख्यमंत्री बहुत खुश हैं. मैं भी बहुत खुश हूं. पार्टी बहुत खुश है और हाई कमांड भी बहुत खुश है. हमने मिलकर डीएमके के साथ अगले पच्चीस साल तक चलने का फैसला किया है.”