केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बड़ा झटका लगा है. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेशनल सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और मुखर प्रवक्ता अरविंद कुमार बाजपेयी ने एलजेपीआर के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है.
बाजपेयी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रवार (12 दिसंबर, 2025) को किए पोस्ट कर कहा, “स्वर्गीय श्री रामविलास पासवान जी द्वारा गठित लोक जनशक्ति पार्टी को छोड़ने का निर्णय लेना बहुत कष्टदायक है. फिर भी मैं पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं.”
It’s very painful to decide to leave Lokjanshakti Party which was formed with late sh. Ramvilas Paswan ji, anyhow i resign from all posts & primary membership of party with immediate effect.
— Arvind Kumar Bajpai (@bajpaiadvocate) December 12, 2025
कौन हैं अरविंद कुमार बाजपेयी?
अरविंद कुमार बाजपेयी लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत रामविलास पासवान के करीबी माने जाते हैं, जो पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष के साथ लोजपा (रामविलास) के मुखर प्रवक्ता के तौर पर भी जाने जाते हैं. इसके अलावा, बाजपेयी पार्टी के राष्ट्रीय अनुशासन समिति के चेयरमैन पद पर भी आसीन थे. साथ ही वह देश के सर्वोच्च अदालत में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अधिवक्ता भी हैं.



