गर्ल्स हॉस्टल में घुसकर पत्नी को दरांती से काटा, फिर सेल्फी ली और स्टेटस लगाया… पति की हैरान करने वाली करतूत

गर्ल्स हॉस्टल में घुसकर पत्नी को दरांती से काटा, फिर सेल्फी ली और स्टेटस लगाया… पति की हैरान करने वाली करतूत


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

तमिलनाडु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घर से अलग रह रही महिला की उसके पति ने ही दरांती से काटकर हत्या कर दी. ये मामला कोयंबटूर के एक महिला छात्रावास का है. रविवार (30 नवंबर) को महिला छात्रावास में तिरुनेलवेली की एक महिला की उसके पति ने बेरहमी से हत्या कर दी. इस घटना से राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर आक्रोश फैल गया है. 

कोयंबटूर की एक निजी कंपनी में काम करने वाली श्रीप्रिया अपने पति बालामुरुगन से अलग होकर एक छात्रावास में रह रही थी. बालामुरुगन रविवार दोपहर अपने कपड़ों में एक दरांती छिपाकर श्रीप्रिया से मिलने हॉस्टल पहुंचा. जांचकर्ताओं के अनुसार मिलने के तुरंत बाद दोनों के बीच बहस छिड़ गई. अचानक बालामुरुगन ने कथित तौर पर दरांती निकाली और हॉस्टल में ही उसकी हत्या कर दी.

बालामुरुगन ने शव के साथ सेल्फी ली 
पुलिस ने बताया कि चौंकाने वाली बात यह है कि अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद बालामुरुगन ने शव के साथ एक सेल्फी ली और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड भी कर दिया. उसने ये दावा किया कि उसकी पत्नी ने उसे धोखा दिया है. 

पत्नी के किसी और के साथ संबंध के शक में हत्या
हॉस्टल में इस वारदात से डरकर लोग बाहर भाग गए. हालांकि हत्या के बाद भी बालामुरुगन भागा नहीं बल्कि वो मौके पर ही रुका रहा और पुलिस के आने तक इंतजार करता रहा. पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार किया और हथियार भी बरामद कर लिया. शुरुआती जांच से पता चलता है कि उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी और पुरुष के साथ संबंध है.

तमिलनाडु में महिला सुरक्षा को लेकर बहस तेज 
इस हत्या ने तमिलनाडु में महिला सुरक्षा को लेकर राजनीतिक बहस तेज़ कर दी है. विपक्ष सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने और महिलाओं की सुरक्षा में नाकाम रहने का आरोप लगा रहा है. हालांकि, डीएमके सरकार और राज्य पुलिस का कहना है कि ये निजी दुश्मनी से प्रेरित छिटपुट घटनाएं हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे हर मामले में त्वरित कार्रवाई की जा रही है ताकि त्वरित न्याय और अधिकतम सजा सुनिश्चित की जा सके.

ये भी पढ़ें

West Bengal News: पहले घर में घुसने से रोका, फिर चाकू मार कर दी पति की हत्या, 6 साल पहले हुई थी शादी